
पुलिस के निरंकुश रवैये पर भड़के अखिलेश यादव, बोले—भाजपा सरकार में गरीबों को न्याय नहीं, आत्महत्या को मजबूर
पुलिस के निरंकुश रवैये पर भड़के अखिलेश यादव, बोले—भाजपा सरकार में गरीबों को न्याय नहीं, आत्महत्या को मजबूर
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पुलिस के राजनीतिक इस्तेमाल, न्याय व्यवस्था की गिरावट और प्रशासनिक अत्याचारों को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में अन्याय, अत्याचार और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, और आम जनता खासकर गरीब तबका न्याय न मिलने की स्थिति में आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो गया है।अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा ने पुलिस को पूरी तरह से निरंकुश बना दिया है। अब वही पुलिस, जिसकी जिम्मेदारी आम जनता की सुरक्षा है, आज उसी से पीड़ित होकर लोग जान दे रहे हैं।” उन्होंने फर्रुखाबाद की उस घटना का उल्लेख किया जहां एक युवक ने थाने से छूटने के बाद पुलिस द्वारा 50 हजार रुपये की मांग का आरोप लगाते हुए आत्महत्या कर ली।सपा प्रमुख ने कहा कि “जबसे भाजपा सरकार सत्ता में आई है, तभी से फर्जी एनकाउंटर, वसूली और लूट जैसे गंभीर आरोप खुद पुलिस पर लग रहे हैं।” उन्होंने कानपुर की उस घटना का भी जिक्र किया जिसमें एक पशु व्यापारी से अवैध वसूली के आरोप में 11 सिपाहियों को निलंबित किया गया था।उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि वह चुनावों में पुलिस का दुरुपयोग कर विरोधियों को डराने, मतदाताओं पर दबाव डालने और फर्जी वोटिंग जैसे काम करवा रही है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यह आचरण पुलिस सेवा नियमावली के अनुरूप है?अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पुलिस तंत्र को पूरी तरह राजनीतिक औजार बना देने का आरोप लगाया और कहा कि इसका सबसे बड़ा खामियाजा गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश हिरासत में मौतों के मामलों में देश में सबसे ऊपर है, और ये आंकड़े भाजपा शासन की नाकामी को उजागर करते हैं।उन्होंने कहा कि “भाजपा सरकार ने ‘फर्जी एनकाउंटर’ और ‘हाफ एनकाउंटर’ जैसे हथकंडों के जरिये न जाने कितने निर्दोषों की जिंदगी तबाह कर दी है।”पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि समाजवादी सरकार के समय कानून व्यवस्था बेहतर थी और पुलिस को अत्याधुनिक तकनीक से लैस किया गया था। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने राजधानी लखनऊ में देश का सबसे आधुनिक पुलिस मुख्यालय बनाया और डायल 100 सेवा की शुरुआत की, जिससे पीड़ित को बिना थाने गए समय पर मदद मिलती थी। लेकिन भाजपा ने उसे 112 में बदलकर व्यवस्था को कमजोर कर दिया है।अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि “उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा के अत्याचारों से त्रस्त हो चुकी है। 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगी और अन्यायपूर्ण शासन का अंत करेगी।”
