diwali horizontal

पीएनबी ने “कोड अगेंस्ट मैलवेयर” हैकाथॉन के विजेताओं को किया सम्मानित, आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर साइबर सुरक्षा नवाचार की ओर बड़ा कदम

0 73

पीएनबी ने “कोड अगेंस्ट मैलवेयर” हैकाथॉन के विजेताओं को किया सम्मानित, आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर साइबर सुरक्षा नवाचार की ओर बड़ा कदम

लखनऊ: पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने शुक्रवार को अपने मुख्यालय में “कोड अगेंस्ट मैलवेयर” हैकाथॉन के पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य देश में साइबर सुरक्षा नवाचार को प्रोत्साहित करना और युवा तकनीकी प्रतिभाओं को वित्तीय सुरक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए प्रेरित करना रहा।इस हैकाथॉन का आयोजन पीएनबी ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी) कानपुर के सहयोग से किया था, जिसे भारत सरकार के वित्तीय सेवा विभाग (डीएफएस) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) का मार्गदर्शन प्राप्त था। इस अवसर पर डीएफएस के सचिव एम. नागराजू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रोफेसर मनिंद्र अग्रवाल, आईबीए के मुख्य कार्यकारी अतुल कुमार गोयल और पीएनबी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ अशोक चंद्र सहित कई गणमान्य अतिथियों, शिक्षाविदों, जूरी सदस्यों और छात्र प्रतिभागियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।हैकाथॉन की शुरुआत दिसंबर 2024 में की गई थी, जिसका उद्देश्य उभरते साइबर खतरों के खिलाफ रचनात्मक समाधान खोजना था। प्रतियोगिता में देशभर के आईआईटी और अन्य प्रमुख संस्थानों के छात्रों को आमंत्रित किया गया, जो विहैविरियल एनालिसिस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ह्यूरिस्टिक तकनीकों की मदद से रैंसमवेयर का पता लगाने हेतु एंडपॉइंट सुरक्षा समाधान विकसित करें। इस प्रतियोगिता को जबरदस्त प्रतिसाद मिला। कुल 90 टीमों ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 15 टीमें विकास चरण तक पहुंचीं। अंततः सात वर्किंग प्रोटोटाइप प्रस्तुत किए गए, जिनका मूल्यांकन विशेषज्ञ जूरी द्वारा किया गया।समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एम. नागराजू ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की बढ़ती चुनौती पर जोर देते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं भारत को डिजिटल खतरों के विरुद्ध अधिक लचीला और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने पीएनबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत सरकार के डिजिटली सशक्त भारत के लक्ष्य के अनुरूप है।बैंक के एमडी एवं सीईओ अशोक चंद्र ने कहा कि पीएनबी नवाचार, सुरक्षा और तकनीकी उत्कृष्टता के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि पीएनबी छात्रों और शिक्षाविदों को वित्तीय क्षेत्र की तकनीकी चुनौतियों से जोड़ने हेतु लगातार प्रयासरत है।हैकाथॉन के विजेता छात्रों को इस वर्ष मुंबई में आयोजित होने वाले ग्लोबल फिनटेक फेस्टिवल (GFF) 2025 में अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की पहल के विजेताओं के साथ अपने समाधानों को प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।उल्लेखनीय है कि पीएनबी को हाल के वर्षों में साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया है, जिनमें “साइबर सिक्योरिटी टीम ऑफ द ईयर”, “इंसिडेंट रिस्पांस मैच्योरिटी” और “डिजिटल पेमेंट्स अवार्ड (FY 2024-25)” जैसे सम्मान शामिल हैं।इस अवसर पर पीएनबी ने यह भी दोहराया कि वह आने वाले वर्षों में साइबर सुरक्षा, डिजिटल भुगतान और वित्तीय समावेशन के क्षेत्र में नए नवाचारों के माध्यम से देश की तकनीकी क्षमताओं को और मजबूत करता रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.