
28 जुलाई को निकलेगी श्री कोतवालेश्वर महादेव की नगर भ्रमण यात्रा, चांदी की पालकी में दर्शन देंगे बाबा
28 जुलाई को निकलेगी श्री कोतवालेश्वर महादेव की नगर भ्रमण यात्रा, चांदी की पालकी में दर्शन देंगे बाबा
लखनऊ: ऐतिहासिक चौक कोतवाली स्थित श्री कोतवालेश्वर महादेव मंदिर से इस वर्ष 28 जुलाई को भगवान कोतवालेश्वर महादेव की भव्य नगर भ्रमण यात्रा निकाली जाएगी। इस धार्मिक आयोजन की जानकारी मंदिर परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में मंदिर के महंत विशाल गौड़ ने दी।महंत गौड़ ने बताया कि भगवान कोतवालेश्वर महादेव को चांदी की भव्य पालकी में विराजमान कर नगर भ्रमण यात्रा पर निकाला जाएगा। यात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण से आरती और गॉड ऑफ ऑनर के साथ होगी, जिसे प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सम्पन्न किया जाएगा। होमगार्ड का बैंड महादेव की अगुवाई करते हुए नगर भ्रमण की शोभायात्रा का शुभारंभ करेगा।यह नगर भ्रमण यात्रा कोतवालेश्वर मंदिर से प्रारंभ होकर कोनेश्वर और चरक चौराहा होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पुनः मंदिर परिसर में लौटेगी। वापसी के समय मंदिर परिसर में भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी किया जाएगा। महंत ने बताया कि “नगर भ्रमण यात्रा के माध्यम से बाबा महादेव नगरवासियों के हाल-चाल लेंगे।”यात्रा में भाग लेने वाले प्रमुख आकर्षणों में महाराष्ट्र से आए कलाकारों द्वारा बनाई जाने वाली रंगोली, प्रशासनिक घोड़े, लिल्ली घोड़ी, ऊंट, 10 झांकीयुक्त रिक्शे, ब्रास बैंड, 6 बग्गियां, डमरू ग्रुप, बनारसी झांकी, डीजे इलु मस्ताना की झांकी, 11 फीट ऊंची भगवान शंकर की मूर्ति, पीले वस्त्रों में महिलाओं द्वारा झांझ की ध्वनि, और ऑक्सीजन गैस से पुष्पवर्षा शामिल हैं। यात्रा एक भक्ति और सांस्कृतिक आयोजन के रूप में सजीव होगी।इस धार्मिक आयोजन में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उत्तराखंड की पूर्व राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, भाजपा नेत्री अपर्णा यादव, भाजपा नेता नीरज सिंह, राज्यसभा सांसद डॉ. महेन्द्र सिंह और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय कटियार को आमंत्रण भेजा गया है। महंत ने बताया कि सभी गणमान्य अतिथियों के सम्मिलित होने की आशा है।यात्रा आयोजन में श्री कोतवालेश्वर ट्रस्ट के पदाधिकारीगण—अजय अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, आनंद रस्तोगी, अजय खन्ना, संदीप अग्रवाल, अंकुर दीक्षित, पंकज अग्रवाल, अवध अग्रवाल, आशीष मिश्रा, डॉ. राजकुमार वर्मा, अनुराग मिश्रा, निखिल अग्रवाल, आचार्य राजेश शुक्ला, नीरज अवस्थी सहित अनेक श्रद्धालु और स्वयंसेवक महत्वपूर्ण भूमिका में उपस्थित रहेंगे।यह नगर भ्रमण यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनेगी बल्कि लखनऊवासियों के लिए श्रद्धा, उल्लास और भक्ति से परिपूर्ण एक अविस्मरणीय अनुभव भी बनकर उभरेगी।
