diwali horizontal

बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लाखों की ज्वेलरी बरामद

0 74

बंद घरों में चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, लाखों की ज्वेलरी बरामद

लखनऊ: थाना बिजनौर पुलिस ने बंद मकानों की रेकी कर चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त और दो बाल अपचारियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की टीम ने इनके कब्जे से लगभग चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए हैं। ये गिरफ्तारियां हाल के सप्ताहों में दर्ज हुई कई चोरी की घटनाओं के सिलसिले में हुई हैं, जिनमें बंद घरों को निशाना बनाया गया था।थाना बिजनौर क्षेत्र में बीते कुछ समय से लगातार बंद मकानों में चोरी की घटनाएं हो रही थीं। 30 मई को मोहल्ला पटवारी में एक मकान से नकदी और जेवरात चोरी की घटना हुई थी, जिसमें मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद 5 जुलाई को आर्यकुल कॉलेज के पास, 14 जुलाई को चमन कॉलोनी और 23 जुलाई को एक अन्य मामले में अलग-अलग शिकायतकर्ताओं ने बंद पड़े मकानों से समान तरीके की चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सभी मामलों में बीएनएस की धारा 305(ए) के तहत मुकदमे दर्ज किए गए।चोरी की बढ़ती घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए थाना बिजनौर पुलिस ने एक विशेष टीम गठित की थी, जिसने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल सूचनाओं के आधार पर 29 जुलाई की रात करीब 11:55 बजे इन अपराधियों को पकड़ा। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नितिन पुत्र सुरेश निवासी कंकड़कुआ, थाना बिजनौर, उम्र लगभग 21 वर्ष के रूप में हुई है। उसके साथ दो बाल अपचारियों को भी हिरासत में लेकर संरक्षण में लिया गया है।पूछताछ में पता चला कि ये लोग पहले बंद मकानों की रेकी करते थे और फिर मौका देखकर घरों में घुसकर चोरी करते थे। इनके पास से बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के जेवर बरामद हुए हैं, जिनमें अंगूठी, पायल, बिछिया, नाक की कील, कान के टप्स, बाली, चैन और मंगलसूत्र शामिल हैं।पुलिस ने चार मुकदमों — मु.अ.सं. 173/2025, 213/2025, 223/2025, 233/2025 — में आरोपियों को गिरफ़्तार कर इनके खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस की भी बढ़ोत्तरी करते हुए विधिक कार्यवाही की है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।गिरफ्तारी और बरामदगी में पुलिस उपनिरीक्षक गोविन्द सिंह, अरुण कुमार, तेजवीर सिंह, रविन्द्र कुमार और आरक्षियों की टीम की विशेष भूमिका रही। थाना बिजनौर पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.