
पारा में युवक पर हमला: गाल काटा, केस दर्ज
पारा थाना क्षेत्र में एक युवक ने दूसरे युवक का गाल दांतों से काट लिया। इससे मांस निकल आया। बीच-बचाव करने आए दो अन्य लोगों को भी काटने दौड़ा। उन पर ईंट फेंक-फेंककर मारने लगा। पुलिस ने शिकायत होने पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला पारा गांव का 17 अप्रैल का है। जिस युवक का गाल काट लिया गया उसकी पहचान जितेंद्र रावत के रूप में हुई है। घटना वाले दिन से ही उसके घरवाले पारा थाने की दौड़ लगा रहे थे। करीब एक सप्ताह बाद 23 अप्रैल की रात पुलिस ने आरोपी अखिलेश राजपूत के खिलाफ मारपीट और एससी-एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया।
पीड़ित जितेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि अखिलेश राजपूत नशे की हालत में उसके पास आया और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर अखिलेश ने उसे ईंट-पत्थर से मारने लगा। इस दौरान अखिलेश ने उसके बाएं गाल को दांतों से काट लिया, जिससे गाल का मांस निकल आया और खून बहने लगा।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसी पूरन राजपूत और अमर राजपूत ने जब बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी अखिलेश ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को भी चोटें आई हैं। उन्हें भी दांत से काटने दौड़ा। आरोपी ने ईंट उठाकर जान से मारने की कोशिश की और लगातार धमकियां देता रहा। तीनों किसी तरह अपनी जान बचाकर मौके से भागे।
इलाके में झगड़ा करने की घटनाएं बढ़ीं
घायलों ने घटना के बाद पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक पारा सुरेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में नशे की हालत में झगड़ा करने की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।