
लखनऊ पुलिस ने किया गांजा तस्कर को गिरफ्तार, करीब दो किलो अवैध गांजा बरामद
लखनऊ: के थाना कैसरबाग क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गांजा की तस्करी में संलिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक के कब्जे से कुल 1 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, 29/30 जुलाई की रात उपनिरीक्षक योगेश चंदेल, उपनिरीक्षक रंजीत कुमार पाठक, उपनिरीक्षक पवन कुमार मौर्या और हेड कांस्टेबल अखिलेश, संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान जेमिनी होटल के पास मौजूद थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि दो युवक परिवर्तन चौक की ओर से आ रहे हैं, जो अवैध गांजा बेचते हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने एक युवक को मौके से दबोच लिया जबकि दूसरा भागने में सफल रहा।गिरफ्तार युवक ने अपना नाम शारिक पुत्र तालिब, निवासी मछली मोहल्ला, जम्बूरखाना, थाना कैसरबाग, उम्र 19 वर्ष बताया। तलाशी में उसके पैंट की जेब से 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में शारिक ने बताया कि उसने गांजा का एक और पैकेट बटलर पार्क के पीछे पेड़ों के पास छिपाकर रखा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मौके से 1 किलो 700 ग्राम गांजा बरामद किया।इस प्रकार कुल 1 किलो 900 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर शारिक के खिलाफ थाना कैसरबाग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।यह कार्रवाई लखनऊ पुलिस की टीम द्वारा नशे के खिलाफ प्रभावी अभियान का हिस्सा है, जिससे नशीले पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के प्रयास तेज़ किए जा रहे हैं।
