diwali horizontal

महिला की मौत को लेकर फैली सड़क दुर्घटना की अफवाह, पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई

0 75

महिला की मौत को लेकर फैली सड़क दुर्घटना की अफवाह, पुलिस जांच में सामने आई सच्चाई

लखनऊ: थाना इटौंजा क्षेत्रान्तर्गत महोना कस्बे में शुक्रवार को एक 68 वर्षीय महिला की अचानक हुई मृत्यु को लेकर सड़क दुर्घटना की अफवाह फैल गई। हालांकि पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया कि महिला की मौत सड़क दुर्घटना से नहीं, बल्कि चलने के दौरान अचानक चक्कर आने और गिरने से हुई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों, प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों से पूछताछ कर सच्चाई का खुलासा किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बा महोना निवासी नूरजहां पत्नी स्वर्गीय नूर मोहम्मद अपने पुत्र इरशाद के साथ किसी निजी कार्य से घर से निकली थीं। जब वह महोना पेट्रोल पंप के पास सड़क पार कर रही थीं, तभी अचानक उन्हें चक्कर आ गया और वे सड़क पर गिर पड़ीं। सामने से एक चार पहिया वाहन आ रहा था, जिसके चालक ने महिला को गिरता देख तत्काल ब्रेक लगाकर वाहन रोक दिया। वाहन से किसी प्रकार की टक्कर नहीं हुई और न ही महिला को गाड़ी ने छुआ। घटना के वक्त आसपास मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने भी इस बात की पुष्टि की कि वाहन से कोई टक्कर नहीं हुई।घटना के तुरंत बाद परिजनों द्वारा महिला को उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत को लेकर कुछ लोगों द्वारा सड़क दुर्घटना की आशंका व्यक्त की गई, लेकिन पुलिस ने मौके की बारीकी से जांच कर स्पष्ट कर दिया कि यह मामला सड़क हादसे का नहीं है। महिला की मृत्यु के पीछे कोई बाह्य आघात नहीं बल्कि शारीरिक कमजोरी के कारण गिरने की स्थिति सामने आई है।पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, मृतका के परिजनों ने थाने पर फौती सूचना दी है। थाना इटौंजा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण विधिक रूप से स्पष्ट किया जा सकेगा।पुलिस ने यह भी कहा कि घटना से जुड़ी अन्य आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है और यदि आगे किसी तरह की संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी।इस घटना को लेकर क्षेत्र में शोक की लहर है। मृतका नूरजहां अपने परिवार के साथ स्थानीय रूप से वर्षों से रह रही थीं और सामाजिक रूप से भी सम्मानित मानी जाती थीं। उनकी असामयिक मृत्यु से मोहल्ले में शोक व्याप्त है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.