
तेज बारिश से लखनऊ में जलभराव और पेड़ गिरने की घटनाएं, नगर निगम की टीमें राहत कार्य में जुटीं
लखनऊ: राजधानी में शनिवार रात से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई हिस्सों में जलभराव, पेड़ गिरने और सीवर जाम की समस्याएं देखने को मिलीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त गौरव कुमार ने नगर निगम की सभी टीमों को तुरंत फील्ड में सक्रिय होने के निर्देश दिए।नगर आयुक्त के निर्देश पर रविवार को सभी अपर नगर आयुक्त, जोनल अधिकारी, सेनेटरी अधिकारी और संबंधित कर्मचारी फील्ड में जुटे रहे। शहर के आठों जोनों में पंपिंग सेट की मदद से जलनिकासी का कार्य किया गया। निचले इलाकों में विशेष रूप से निगरानी रखते हुए तत्काल प्रभाव से पानी हटाने की कार्रवाई की गई।बारिश के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी हुईं, जिन्हें नगर निगम के उद्यान विभाग की टीमों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर हटाया और मार्गों को साफ कराया, जिससे यातायात सुचारु बना रहे। अभियंत्रण विभाग ने नालों और सीवरों की सफाई का कार्य रविवार को भी युद्धस्तर पर जारी रखा। प्रमुख मार्गों और चौराहों पर टीमों ने नालियों की सफाई कर पानी की निकासी सुनिश्चित की।नगर निगम के कंट्रोल रूम से पूरे राहत अभियान की निगरानी की जा रही है। विशेष निगरानी टीम को नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक टोल फ्री नंबर 1533 पर कॉल कर अपनी समस्याएं दर्ज करा सकते हैं, जिन पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि नगर निगम आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। नागरिकों की सुरक्षा प्राथमिकता है और टीमों को चौबीसों घंटे फील्ड में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि बारिश के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और किसी समस्या की स्थिति में नगर निगम से संपर्क करें।
