diwali horizontal

लखनऊ की स्वच्छता प्रणाली से प्रभावित भोपाल नगर निगम का प्रतिनिधिमंडल पहुँचा राजधानी, साझा किए स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अनुभव

0 79

लखनऊ की स्वच्छता प्रणाली से प्रभावित भोपाल नगर निगम का प्रतिनिधिमंडल पहुँचा राजधानी, साझा किए स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अनुभव

लखनऊ: स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में पूरे देश में तीसरा स्थान हासिल करने वाले लखनऊ नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था और कूड़ा निस्तारण मॉडल की सफलता अब अन्य नगर निकायों के लिए प्रेरणा बन चुकी है। इसी क्रम में भोपाल नगर निगम की माननीय महापौर श्रीमती मालती राय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को लखनऊ पहुंचा, जिसका उद्देश्य लखनऊ की स्वच्छता प्रणालियों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, ट्रांसफर स्टेशन व्यवस्था एवं स्मार्ट सिटी मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों को समझकर उन्हें अपने शहर में लागू करना था।भोपाल के इस प्रतिनिधिमंडल का लखनऊ आगमन पर नगर निगम लखनऊ की माननीय महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, उपसभापति श्री गिरीश गुप्ता, भाजपा पार्षद दल के उपनेता श्री सुशील तिवारी ‘पम्मी’ और नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार ने गर्मजोशी से स्वागत किया। भोपाल से आए प्रतिनिधिमंडल में नगर निगम के कार्यकारिणी सदस्य एवं पार्षद श्री आर.के. सिंह बघेल, सुपरिंटेंडेंट इंजीनियर श्री उदित गर्ग समेत वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।दौरे की शुरुआत लखनऊ के ट्रांसफर स्टेशनों से हुई, जहां टीम ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, कूड़ा परिवहन तथा शिवरी सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में कूड़े के प्रबंधन की सम्पूर्ण प्रक्रिया का निरीक्षण किया। शिवरी प्लांट में कंपोस्ट निर्माण, रिसाइक्लिंग और अन्य संसाधनों के उपयोग को भी गहराई से समझा गया।इसके बाद स्मार्ट सिटी कार्यालय में दोनों नगर निगमों के अधिकारियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में डिजिटल निगरानी, नागरिक भागीदारी, सूचना प्रौद्योगिकी एवं सस्टेनेबल वेस्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में किए गए नवाचारों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसे भोपाल की टीम ने बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया।दौरे के दौरान जोन-4 के वेंडिंग ज़ोन का निरीक्षण विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। इस मौके पर महापौर सुषमा खर्कवाल ने भोपाल की महापौर मालती राय को लखनऊ के प्रसिद्ध गोलगप्पे खिलाकर इस तकनीकी दौरे को एक आत्मीय और यादगार अनुभव बना दिया।महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम और नागरिकों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने भरोसा जताया कि लखनऊ जल्द ही स्वच्छता के हर मानक पर पूरे देश में शीर्ष स्थान प्राप्त करेगा।भोपाल नगर निगम की माननीय महापौर मालती राय ने कहा, “लखनऊ नगर निगम द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए अनुकरणीय कार्य अत्यंत प्रेरणादायक हैं। कूड़ा निस्तारण की तकनीकी व्यवस्था, नागरिक भागीदारी और डिजिटल मॉनिटरिंग हर स्तर पर उत्कृष्टता का परिचय देते हैं। हमने ट्रांसफर स्टेशन से लेकर शिवरी प्लांट तक की व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और महसूस किया कि लखनऊ ने योजनाबद्ध और दूरदर्शी सोच के साथ कार्य किया है। हम अपने अनुभवों को भोपाल में लागू करने का प्रयास करेंगे, खासकर वेंडिंग ज़ोन और स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत किए गए प्रयासों को अपनाने की दिशा में काम करेंगे। साथ ही, लखनऊ के प्रसिद्ध गोलगप्पों का स्वाद चखने का भी सौभाग्य मिला, जिसने इस यात्रा को और भी विशेष बना दिया। हम महापौर सुषमा खर्कवाल जी और नगर निगम टीम के कार्यों को सलाम करते हैं।”इस प्रकार लखनऊ की स्वच्छता सफलता अब देश के अन्य शहरों के लिए आदर्श बनती जा रही है और इस साझेदारी से दोनों नगर निगमों के बीच अनुभवों का आदान-प्रदान जारी रहेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.