
फतेहपुर मकबरा तोड़फोड़ पर आम आदमी पार्टी का भाजपा पर गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग
लखनऊ: फतेहपुर जिले के एक ऐतिहासिक मकबरे में तोड़फोड़ और धार्मिक उन्माद फैलाने की घटना को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। लखनऊ के चौक स्थित नेपियर रोड के मेहंदी अपार्टमेंट में आयोजित प्रेस वार्ता में बौद्ध प्रांत अध्यक्ष इंजीनियर इमरान लतीफ ने कहा कि यह घटना उत्तर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था और भाजपा की नफरत की राजनीति का उदाहरण है।
इमरान लतीफ ने आरोप लगाया कि भाजपा के फतेहपुर जिला अध्यक्ष ने 11 अगस्त को हिंदूवादी संगठनों के साथ मकबरे पर जल चढ़ाने का ऐलान किया, लेकिन प्रशासन और पुलिस ने कोई रोकथाम नहीं की। उन्होंने कहा कि भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आधे घंटे से अधिक समय तक मकबरे पर तांडव चलता रहा और अधिकारी मूकदर्शक बने रहे, जिससे साफ है कि घटना सरकार के संरक्षण में हुई। उन्होंने सवाल किया कि भाजपा का जिलाध्यक्ष क्या कानून से ऊपर है, जिसके खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लतीफ ने जनता से अपील की कि नफरत फैलाने वालों के षड्यंत्र में न फंसें और भाईचारा बनाए रखें।
निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल ने आरोप लगाया कि भाजपा समय-समय पर धार्मिक उन्माद फैलाकर SIR, स्कूल बंदी और विलय जैसे गंभीर मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाती रही है। उन्होंने कहा कि LIU के पास घटना का पहले से इनपुट था, फिर भी प्रशासन ने रोकथाम नहीं की। उनके अनुसार, यह भाजपा के दोहरे चरित्र का उदाहरण है—एक ओर ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा और दूसरी ओर नफरत फैलाकर जनता को बांटने की राजनीति।लखनऊ जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि भाजपा सरकार बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए नफरत की राजनीति कर रही है। वहीं, अयोध्या प्रांत उपाध्यक्ष नूर सिद्दीकी ने कहा कि एक सच्चा हिंदू और सनातन धर्म मानने वाला धार्मिक उन्माद नहीं फैला सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर मुस्लिम संगठन ऐसा करते, तो वे अब तक जेल में होते।आम आदमी पार्टी ने घटना की निष्पक्ष जांच, हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश की देखरेख में जांच कमेटी गठन और दोषी उपद्रवियों व जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
