diwali horizontal

मूसलाधार बारिश के बाद लखनऊ नगर निगम अलर्ट, जलभराव निस्तारण में जुटी टीमें

0 63

मूसलाधार बारिश के बाद लखनऊ नगर निगम अलर्ट, जलभराव निस्तारण में जुटी टीमें

लखनऊ: शहर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद लखनऊ नगर निगम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर ला दिया। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने अभियंत्रण विभाग, जोनल सेनेटरी अधिकारियों, एसएफआई और सभी सुपरवाइजर्स को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर बारिश से उत्पन्न समस्याओं, विशेषकर जलभराव, का तुरंत और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करें।
निर्देश मिलते ही नगर निगम की टीमें फील्ड में उतर आईं और प्रभावित क्षेत्रों में पंपिंग सेट लगाकर पानी निकासी, नालियों की सफाई और अवरुद्ध जलमार्गों को खोलने का काम शुरू कर दिया। कई जगहों पर जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि लोगों के आवागमन में किसी तरह की परेशानी न हो।नगर आयुक्त ने कहा कि बारिश के मौसम में जलभराव केवल यातायात में रुकावट ही नहीं डालता, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी निभाने में ढिलाई न बरतने की हिदायत दी और साफ कहा कि किसी भी क्षेत्र में पानी जमा होने की स्थिति को तुरंत समाप्त किया जाए।गौरव कुमार ने शहरवासियों से अपील की कि यदि कहीं जलभराव दिखे तो 1533 टोल-फ्री नंबर पर तुरंत सूचना दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता पर किया जाएगा और किसी क्षेत्र को लंबे समय तक पानी में डूबा नहीं रहने दिया जाएगा।नगर निगम ने नागरिकों को यह भी आगाह किया कि बारिश के दौरान नालियों और जलमार्गों में कचरा डालने से बचें, क्योंकि यही जल निकासी में सबसे बड़ी बाधा बनता है। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया कि वे अपने घरों के आसपास और गली-मोहल्लों में स्वच्छता बनाए रखें, जिससे जलभराव की समस्या रोकी जा सके।मैदानी स्तर पर नगर निगम के कर्मचारी लगातार पानी की निकासी, नालियों की सफाई और सड़कों से मलबा हटाने में जुटे हैं। विशेष रूप से उन इलाकों में, जहां भू-भाग नीचा होने के कारण पानी भरने की संभावना अधिक रहती है, वहां अतिरिक्त पंपिंग सेट और जनशक्ति तैनात की गई है, ताकि राहत कार्य में कोई बाधा न आए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.