
वर्षा ऋतु में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए लखनऊ नगर निगम का विशेष सफाई अभियान शुरू
लखनऊ: वर्षा ऋतु में बढ़ने वाले संचारी रोगों और वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम लखनऊ ने बुधवार से दस दिवसीय विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर यह अभियान 20 अगस्त से 30 अगस्त तक पूरे शहर में चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य है शहर को स्वच्छ और संक्रमणमुक्त बनाकर नागरिकों को स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराना।अभियान के तहत नगर निगम ने शहर के 110 वार्डों में नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। ये अधिकारी प्रतिदिन अपने आवंटित वार्डों का दौरा कर सफाई व्यवस्था, नालियों, सीवर लाइन, कूड़ा प्रबंधन और जलापूर्ति की स्थिति का निरीक्षण करेंगे और समस्या मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।बुधवार को अभियान की शुरुआत कई वार्डों में अधिकारियों की उपस्थिति में हुई। विक्रमादित्य-महात्मा गांधी वार्ड में अपर नगर आयुक्त ललित कुमार, लालजी टंडन वार्ड में अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव, लेबर कॉलोनी वार्ड में अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त, फैजुल्लागंज-द्वितीय वार्ड में मुख्य अभियंता (सिविल) महेश वर्मा, मौलाना कल्बे आबिद वार्ड में मुख्य अभियंता आर.आर. मनोज प्रभात, बाबू कुंज बिहारी-ओम नगर वार्ड में नगर स्वास्थ्य अधिकारी प्रवीन श्रीवास्तव, अम्बरगंज वार्ड में मुख्य वित्त लेखाधिकारी महामिलिंद लाल, खरगापुर-सरसवा वार्ड में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह, बाबू बनारसी दास वार्ड में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी विनय राय, मशकगंज-वजीरगंज वार्ड में सहायक नगर आयुक्त विनीत सिंह, मोतीलाल नेहरू-चन्द्र भानु गुप्त नगर वार्ड में सहायक नगर आयुक्त विकास सिंह और लोहिया नगर वार्ड में सहायक नगर आयुक्त रामेश्वर प्रसाद ने सफाई का निरीक्षण किया।सुबह 7 बजे से शुरू हुए निरीक्षण में गंदगी के ढेर, सीवर लाइन की लीकेज, दूषित जल स्रोत, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान की स्थिति, खाली प्लॉट और पार्कों की सफाई तथा नालियों की दशा की जांच की गई। जहां भी गंदगी या समस्या मिली, वहां अधिकारियों ने तत्काल सफाई और समाधान के निर्देश दिए।नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि बारिश में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। इसीलिए इस अभियान के तहत जलजमाव वाले स्थानों की नियमित जांच, कीटनाशक छिड़काव और स्वास्थ्य सुरक्षा के उपाय सुनिश्चित किए जा रहे हैं। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे घरों और आस-पास पानी जमा न होने दें तथा किसी समस्या की सूचना तत्काल निगम को दें।नगर आयुक्त गौरव कुमार ने कहा कि शहर की स्वच्छता और नागरिकों का स्वास्थ्य प्राथमिकता है। इस वर्षा ऋतु अभियान के जरिए संचारी रोगों के प्रसार को रोकने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे। नोडल अधिकारी अपने वार्ड की स्थिति पर लगातार नजर रखें और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। यह अभियान 30 अगस्त तक चलेगा, जिसके दौरान सतत निरीक्षण और सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे ताकि स्वास्थ्य संबंधी जोखिम न्यूनतम हों।
