diwali horizontal

योगी सरकार की कुनीतियों के खिलाफ कांग्रेस बनाएगी ‘न्याय योद्धा’, अधिवक्ताओं की समस्याओं पर भी खोला मोर्चा

0 60

योगी सरकार की कुनीतियों के खिलाफ कांग्रेस बनाएगी ‘न्याय योद्धा’, अधिवक्ताओं की समस्याओं पर भी खोला मोर्चा

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि योगी सरकार सच बोलने वालों और सरकार की नीतियों का विरोध करने वालों पर फर्जी मुकदमे लादकर उन्हें डराने-धमकाने का काम कर रही है। इसमें केवल कांग्रेस कार्यकर्ता ही नहीं बल्कि पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब अपने विधि विभाग का नए सिरे से पुनर्गठन कर “न्याय योद्धा” तैयार करेगी, जो जनता को कानूनी रूप से न्याय दिलाने का काम करेंगे।अजय राय ने कहा कि यह न्याय योद्धा सरकारी तानाशाही का शिकार हो रहे लोगों के साथ खड़े रहेंगे और वोट चोरी व चुनाव आयोग की धांधलियों के खिलाफ जननायक राहुल गांधी के आंदोलन को और मजबूती देंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वोटर लिस्ट से नाम काटने जैसी अनियमितताओं को कानूनी स्तर पर चुनौती दी जाएगी और प्रभावित लोगों को पूरी सहायता दी जाएगी।प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधि विभाग के कोऑर्डिनेटर आसिफ रिज़वी रिंकू ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेशभर में राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगभग 1719 मुकदमे दर्ज कराए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी अपने हर कार्यकर्ता को कानूनी मदद उपलब्ध कराएगी। साथ ही उन्होंने अधिवक्ताओं की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया और कहा कि कांग्रेस अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू कराने, जूनियर वकीलों को पाँच साल तक स्टाइपेंड दिलाने और अधिवक्ताओं के लिए बैठने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित कराने की दिशा में संघर्ष करेगी। रिज़वी ने यह भी कहा कि योगी सरकार ने अधिवक्ताओं को दस लाख रुपये का बीमा देने का वादा किया था, लेकिन हमेशा की तरह वह इससे मुकर गई। कांग्रेस इस मुद्दे पर भी दबाव बनाएगी और मृतक अधिवक्ताओं के परिजनों को बीस लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाने की मांग करेगी।विधि विभाग के प्रदेश चेयरमैन नितिन कुमार मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस का विधि विभाग हमेशा अधिवक्ता हितों और न्याय की लड़ाई में अग्रणी रहा है और आगे भी इसी संकल्प के साथ संघर्ष जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि न्याय योद्धा के रूप में अधिवक्ता अब पार्टी के आंदोलन को जमीनी स्तर पर धार देंगे।प्रेसवार्ता के दौरान एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया जब कानपुर से अधिवक्ताओं का एक बड़ा समूह कांग्रेस में शामिल हुआ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विधि विभाग कानपुर के चेयरमैन प्रतीक शर्मा के नेतृत्व में मयंक वर्मा, मनीष पोरवाल, रोहन मिश्रा, अभिषेक मिश्रा, अमित यादव, अजीत अग्निहोत्री, आनंद तिवारी, वैभव शुक्ला, आस्तिक तिवारी, जितेन्द्र कुमार और शिवेन्द्र तिवारी समेत कई अधिवक्ताओं ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने सभी अधिवक्ताओं का स्वागत किया और उनके गले में कांग्रेस तिरंगा पट्टिका पहनाकर तथा सदस्यता कार्ड देकर पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा और निवर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष शरद मिश्रा भी मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.