
बीबीएयू में सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कैंप, युवाओं को मिला ‘Don’t Drink and Drive’ का संदेश
लखनऊ, 2 सितंबर: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई, त्रिगुणा आर्गेनाइजेशन और आवास फाइनेंसर्स लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में एकदिवसीय सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुआ। कुलगीत के पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। मंच संचालन डॉ. नरेंद्र सिंह ने किया।कुलपति प्रो. मित्तल ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सावधानी बरतना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से ‘Don’t Drink and Drive’ का संदेश दिया और कहा कि मोबाइल फोन का प्रयोग दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बनता है। उन्होंने युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनकर सुरक्षित यातायात की संस्कृति को बढ़ावा देने की प्रेरणा दी।त्रिगुणा आर्गेनाइजेशन के सीईओ आदर्श गुप्ता ने कहा कि असली साहस नियमों का पालन करना है, न कि सड़क पर रेस और स्टंट करना। आवास फाइनेंसर्स लिमिटेड से भूपेन्द्र चौहान ने युवाओं को छोटी-सी सावधानी को जीवनभर की सुरक्षा की कुंजी बताते हुए यातायात नियमों के पालन का आह्वान किया।आईक्यूएसी डायरेक्टर प्रो. शिल्पी वर्मा ने सड़क अनुशासन की अनिवार्यता पर जोर दिया। वहीं शिक्षा विभागाध्यक्ष प्रो. राजशरण शाही ने कहा कि सड़क हादसों में युवाओं का घायल होना देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए गंभीर चिंता है।इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। त्रिगुणा आर्गेनाइजेशन और आवास फाइनेंसर्स लिमिटेड द्वारा विद्यार्थियों को हेलमेट वितरित किए गए। ट्रैफिक इंस्पेक्टर इंद्रपाल सिंह ने ट्रैफिक सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी। क्विज और वीडियो प्रस्तुति के जरिए भी सड़क सुरक्षा के नियमों का महत्व समझाया गया।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, शोधार्थी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
