diwali horizontal

लखनऊ पुलिस ने कार सवार गिरोह का किया पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार

0 82

लखनऊ पुलिस ने कार सवार गिरोह का किया पर्दाफाश, चार शातिर गिरफ्तार

लखनऊ, 2 सितंबर: राजधानी लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में कार में बंधक बनाकर नगदी और ऑनलाइन रकम ऐंठने वाले चार शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अपराध शाखा और मड़ियांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों के पास से 15 हजार रुपये नगद, चार मोबाइल फोन और सफेद रंग की स्विफ्ट कार बरामद की गई।घटना 30 अगस्त की है, जब सीतापुर जनपद के कस्बा हरगांव निवासी हम्माद अली ने पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया था कि एक अज्ञात कार चालक और उसके दो साथियों ने उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर मारपीट की, जेब से 15 हजार रुपये छीन लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए मोबाइल के माध्यम से 20 हजार रुपये ऑनलाइन मंगवा लिए। पीड़ित की तहरीर पर मड़ियांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।इसके बाद पुलिस लगातार अभियुक्तों की तलाश में लगी थी। 1 सितंबर को मुखबिर खास ने सूचना दी कि ककौली रोड पर एल्डिको रिगालिया के पीछे सफेद रंग की एक कार में चार व्यक्ति बैठे हैं, जिनका हुलिया घटना में शामिल बदमाशों से मिलता है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम मोहम्मद रिजवान (29), गुफरान (27), मोहम्मद शान उर्फ सुहेल (19) और अजय कुमार यादव उर्फ मुनेन्द्र कुमार यादव (22) बताए। चारों आरोपी लखनऊ और सीतापुर के निवासी हैं।गिरफ्तारी के समय आरोपियों के पास से फिरौती की रकम में से 15 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त चार मोबाइल और स्विफ्ट कार नंबर UP32HD0199 बरामद की गई। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमे में धारा 61(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की। पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपी पीड़ित को बंधक बनाकर उससे नगदी वसूलते और ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कराकर रकम मंगवाते, जिसे आपस में बांटकर खर्च कर देते थे।पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गुफरान का आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ लखनऊ के बंथरा, हसनगंज और तालकटोरा थानों में चोरी और लूट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।गिरफ्तारी के दौरान माननीय सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया गया। अभियुक्तों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.