diwali horizontal

अन्याय और लापरवाही पर अखिलेश यादव ने उठाई आवाज़, बृजेश राठौर के परिवार को आर्थिक मदद और न्याय दिलाने की मांग

0 74

अन्याय और लापरवाही पर अखिलेश यादव ने उठाई आवाज़, बृजेश राठौर के परिवार को आर्थिक मदद और न्याय दिलाने की मांग

कन्नौज: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कन्नौज जिले के पुनगरा ग्राम में संविदा बिजली कर्मी स्वर्गीय बृजेश राठौर के घर पहुँचकर श्रद्धांजलि दी और परिवार से शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में अन्याय और अत्याचार चरम पर हैं। भाजपा सरकार संवेदनहीन है और न्याय देने के बजाय पीड़ितों के साथ अन्याय कर रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि बृजेश राठौर के साथ अन्याय हुआ है और उनकी जान सरकारी लापरवाही की वजह से गई है। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने की मांग करते हुए कहा कि लापरवाही और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि परिवार के सदस्यों पर झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें दबाव में लाने और वसूली के प्रयास किए जा रहे हैं, जिन्हें तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश सरकार से माँग की कि जो लोग अज्ञात में मुकदमे दर्ज कर परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं, उन पर कार्रवाई की जाए।इस दौरान अखिलेश यादव ने स्वर्गीय बृजेश राठौर के परिवार को दो लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मृतक के भाई और पत्नी को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए और परिवार को न्याय दिलाया जाना चाहिए ताकि उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिल सके।इसके बाद श्री यादव ने कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम भरखरा जाकर अग्निवीर शहीद सौरभ पाल के परिवार से मिलकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ग्राम बघेलेपुरवा में स्वर्गीय राम नरेश प्रधान के परिवार से भी मिलकर दुख व्यक्त किया और उन्हें सांत्वना दी।अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का रवैया पीड़ितों के प्रति कठोर और असंवेदनशील है। उन्होंने जनता से अपील की कि अन्याय के खिलाफ आवाज़ बुलंद की जाए और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा की जाए। समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी।यह दौरा समाजवादी पार्टी की पीड़ितों के साथ खड़े होने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और राजनीतिक स्तर पर प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाता है। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट कर दिया है कि अन्याय और संवेदनहीनता के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.