
बिजनौर में चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार, बाइक, मोबाइल और नगदी बरामद
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन में थाना बिजनौर पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर चोरी की घटना का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने शातिर चोर अभिषेक उर्फ नाटिया को गिरफ्तार कर चोरी का मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, लोहे का बक्सा और नगद बरामद कर लिया।घटना 12 सितंबर 2025 की है जब न्यू गुडौरा प्राइमरी स्कूल के पास रहने वाले दुर्गेश पुत्र अयोध्या प्रसाद के घर से एक वीवो मोबाइल फोन, बक्से में रखे रुपये तथा टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। शिकायत मिलने पर थाना बिजनौर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने पतारसी शुरू की।लगातार जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने 13 सितंबर 2025 को शुक्ला फार्म हाउस के पास से अभियुक्त अभिषेक उर्फ नाटिया पुत्र अम्बिका प्रसाद निवासी ग्राम छुआराखेड़ा थाना बिजनौर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल संख्या UP32HQ8670, वीवो मोबाइल फोन, लोहे का बक्सा और 650 रुपये नगद बरामद किए गए। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि वह पहले रेकी करता था और घर के अंदर व बाहर खड़े वाहनों की चोरी करता था। पुलिस ने बताया कि उसका आपराधिक इतिहास भी रहा है, जिसमें पूर्व में थाना बिजनौर में मुकदमा दर्ज है।
अभियुक्त की उम्र 22 वर्ष है और वह बिजनौर क्षेत्र का निवासी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है। थाना बिजनौर के प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर महादेवन, उपनिरीक्षक विजय सिंह, धर्मेंद्र कुमार सोनकर, भागीरथी और कांस्टेबल अनिल कुमार की टीम ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई कर क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी ताकि आम जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके और अपराधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जा सके।
