diwali horizontal

वाराणसी में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का होगा भव्य उद्घाटन।

0 47

वाराणसी में ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का होगा भव्य उद्घाटन।

VARANASI INTERNATIONAL CRICKET STADIUM:  धर्म और संस्कृति की नगरी काशी अब क्रिकेट के अंतरराष्ट्रीय नक्शे पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाने जा रही है। वाराणसी के गंजारी में बन रहा भव्य अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम उद्घाटन की तैयारियों के अंतिम चरण में पहुंच गया है। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस स्टेडियम का उद्घाटन दिसंबर 2026 में होने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका लोकार्पण कराने की तैयारी चल रही है। हालांकि, उद्घाटन की आधिकारिक तारीख की घोषणा अभी नहीं हुई है।

18 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अध्यक्ष जय शाह और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने गंजारी पहुंचकर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान, पिच, पवेलियन, वीआईपी गैलरी, दर्शक दीर्घा और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। अधिकारियों से परियोजना की प्रगति और बाकी बचे कार्यों की जानकारी भी ली गई।

30 नवंबर तक पूरा करना होगा शेष काम

निरीक्षण के दौरान जय शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्टेडियम में बचा हुआ निर्माण और फिनिशिंग का काम 30 नवंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। उनका जोर इस बात पर रहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों के आयोजन के लिए मैदान और उससे जुड़ी सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार हों।

स्टेडियम के उद्घाटन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। दिसंबर में इसके शुरू होने की संभावना जताई जा रही है। इसके बाद काशी और पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले अपने शहर के नजदीक देखने का अवसर मिल सकता है।

भगवान शिव की थीम पर तैयार हुआ स्टेडियम

गंजारी क्रिकेट स्टेडियम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी अनूठी वास्तुकला है। इसका डिजाइन भगवान शिव और काशी की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान से प्रेरित है। स्टेडियम के छह फ्लडलाइट टावर त्रिशूल के आकार में बनाए गए हैं। इसकी छत अर्धचंद्राकार है, जबकि मीडिया सेंटर को डमरू की आकृति से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। मुख्य प्रवेश द्वार में बेलपत्र की झलक देखने को मिलती है।

दर्शकों के बैठने के लिए बनाए गए स्टैंड का डिजाइन काशी के प्रसिद्ध घाटों की सीढ़ियों से प्रेरित है। इस तरह स्टेडियम में आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ बनारस की सांस्कृतिक विरासत को भी स्थान दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.