diwali horizontal

अयोध्या दीपोत्सव-2025: 26 लाख दीयों से जगमगाएगी पावन नगरी, यूपीएसटीडीसी ने लखनऊ से विशेष यात्रा पैकेज की घोषणा

0 95

अयोध्या दीपोत्सव-2025: 26 लाख दीयों से जगमगाएगी पावन नगरी, यूपीएसटीडीसी ने लखनऊ से विशेष यात्रा पैकेज की घोषणा

लखनऊ: भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या इस दीपावली 26 लाख दीयों से जगमगाने को तैयार है। दीपोत्सव-2025 के इस भव्य अवसर पर उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए लखनऊ से अयोध्या तक एक दिवसीय विशेष यात्रा पैकेज की घोषणा की है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा संचालित यह कम दर का पैकेज यात्रियों को दीपोत्सव के अद्भुत नजारों का साक्षी बनने का अवसर प्रदान करेगा।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव यात्रा की शुरुआत 19 अक्टूबर को होगी। सुबह 11 बजे लखनऊ स्थित होटल गोमती से टेम्पो ट्रैवलर यात्रियों को लेकर अयोध्या के लिए रवाना होगा। मार्ग में दोपहर 2:30 बजे भोजन की व्यवस्था की गई है। शाम 3 बजे यात्रा दल अयोध्या पहुंचेगा और राम की पैड़ी पर दीपोत्सव समारोह का साक्षी बनेगा।इस यात्रा का शुल्क 1,500 रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है, जिसमें ट्रांसपोर्ट, स्थानीय गाइड, दिन-रात के भोजन और पानी की बोतल की सुविधा शामिल है। इच्छुक यात्री पैकेज की ऑनलाइन बुकिंग यूपीएसटीडीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से कर सकते हैं।डॉ. जयवीर सिंह ने बताया कि शाम 7:30 बजे पावन सरयू तट पर 26 लाख से अधिक दीयों को प्रज्वलित होते देख यात्रियों को भव्य दृश्य का अनुभव होगा। इस दौरान आकाश में रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी, आकर्षक लेजर शो और एरियल ड्रोन प्रस्तुति दीप्तिमान माहौल बनाएगी। मनमोहक दृश्य का आनंद लेने के बाद रात्रि 9:30 बजे भोजन कराया जाएगा और रात 11 बजे यात्रा दल लखनऊ के लिए प्रस्थान करेगा।मंत्री ने कहा कि अयोध्या दीपोत्सव केवल वार्षिक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आस्था और भारतीय परंपरा को वैश्विक स्तर पर प्रदर्शित करने वाला उत्सव है। यूपीएसटीडीसी द्वारा तैयार यह विशेष यात्रा कार्यक्रम श्रद्धालुओं को अयोध्या की आध्यात्मिकता और भव्यता का साक्षी बनने का अवसर देगा। समूह में यात्रा करने से श्रद्धालुओं को सामाजिक मेलजोल और संवाद का भी अवसर प्राप्त होगा, जिससे उत्तर प्रदेश की पहचान आस्था पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में और सुदृढ़ होगी।पर्यटन विभाग की विशेष सचिव ईशा प्रिया ने बताया कि यूपीएसटीडीसी द्वारा आयोजित गाइडेड टूर पहले ही सभी आयु वर्ग के यात्रियों, विशेषकर परिवार और वरिष्ठ नागरिकों में लोकप्रिय हो चुका है। दीपोत्सव-2025 यात्रा पैकेज के माध्यम से यह सुनिश्चित किया गया है कि हर आगंतुक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा के साथ अयोध्या के आध्यात्मिक आकर्षण का अनुभव भी प्राप्त कर सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.