
“2027 में भाजपा की 400 बीसी नहीं चलेगी, जनता सब जान चुकी है”: अखिलेश यादव
पूर्व मुख्यमंत्री ने लखनऊ में इंटरव्यू के दौरान भाजपा पर जमकर साधा निशाना, कहा- उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में INDIA गठबंधन मजबूती से लड़ेगा चुनाव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि “2027 में भाजपा की 400 बीसी नहीं चलेगी। जनता अब सब जान चुकी है—वोटर लिस्ट में धांधली, वोट डिलीट कराना, अधिकारियों की पोस्टिंग में भेदभाव जैसे हथकंडे अब काम नहीं आएंगे।” उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में यूपी में भाजपा को हराने के बाद अब विधानसभा चुनाव में भी जनता बदलाव लाएगी।मंगलवार को लखनऊ में एक समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी INDIA गठबंधन की प्रमुख ताकत है और प्रदेश में गठबंधन की कमान उसी दल के पास होगी जो राज्य में मजबूत होगा। “हमारे लिए लोकतंत्र, बाबा साहब का संविधान और सामाजिक न्याय सर्वोच्च प्राथमिकता है,” उन्होंने कहा।

भाजपा पर फूट डालो, राज करो की नीति अपनाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि यह पार्टी अंग्रेजों की तरह देश को बांटने वाली राजनीति करती है। अखिलेश यादव ने कहा कि “2017 से पहले जिनकी पहचान नहीं थी, वे अब कह रहे हैं कि यूपी की कोई पहचान नहीं थी। क्या देश के सबसे ज्यादा प्रधानमंत्री देने वाला राज्य, सबसे अधिक लोकसभा सीटों वाला राज्य पहचानविहीन हो सकता है?”पूर्व मुख्यमंत्री ने विकास के मोर्चे पर भी योगी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि लखनऊ, कानपुर, आगरा, नोएडा सहित जितने भी शहरों में मेट्रो बनी है, वे समाजवादी सरकार की देन हैं।

“भाजपा सरकार ने आठ साल में लखनऊ मेट्रो को एक इंच भी आगे नहीं बढ़ाया,” उन्होंने आरोप लगाया। वाराणसी और गोरखपुर की मेट्रो योजनाएं भी ठंडे बस्ते में डाल दिए जाने पर उन्होंने मुख्यमंत्री को घेरा।अखिलेश यादव ने भाजपा की ओर से प्रचारित 17 एक्सप्रेस-वे की योजना को झूठा करार देते हुए कहा, “जब हमने पूछा कि 17 में से कितने बन गए तो जवाब मिला कि 6 बने हैं, 7 प्रस्तावित हैं। तो बाकी 4 एक्सप्रेस-वे सपनों में बन रहे हैं क्या?” उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने यूपी को एक भी एक्सप्रेस-वे, नया एम्स, कोई पावर प्लांट या संस्थान नहीं दिया।राज्य की कानून व्यवस्था पर भी उन्होंने गंभीर सवाल उठाए। सांसद रामजी लाल सुमन पर हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना यूपी पुलिस, प्रदेश सरकार और डीजीपी को खुली चुनौती है। उन्होंने कहा कि “पीडीए यानी पीड़ित, दलित और अल्पसंख्यकों के साथ भाजपा सरकार ने जितना अन्याय किया है, वैसा कभी नहीं हुआ।”

निवेश और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने कहा कि “निजी और सरकारी निवेश कहीं नहीं दिखता। जो भी इंसेंटिव दिए जाते हैं, उनमें कमीशनखोरी चल रही है। बड़े अधिकारी और नेताओं में पैसे के बंटवारे को लेकर झगड़े हो रहे हैं। यहां तक कि एक अधिकारी लापता है।”शिक्षा और कृषि क्षेत्र में भी भाजपा को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि “शिक्षा का निजीकरण कर दिया गया है। खाद, बीज, कीटनाशक सब महंगे हो गए हैं। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा झूठा साबित हुआ है। मंडियां जो समाजवादी सरकार बनवा रही थी, उन्हें भी बंद करा दिया गया।” उन्होंने कटाक्ष किया कि “भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि ‘पकौड़ा और भगौड़ा’ है।”हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने इसे सुरक्षा चूक और इंटेलिजेंस फेलियर करार दिया। उन्होंने कहा कि “सभी राजनीतिक दल इस दुख की घड़ी में केंद्र सरकार के साथ हैं लेकिन यह जरूर पूछा जाना चाहिए कि सुरक्षा क्यों नहीं दी गई?” उन्होंने कहा कि “आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता। भाजपा ने नोटबंदी के समय कहा था कि आतंकवाद खत्म हो जाएगा, लेकिन क्या हुआ?”अखिलेश यादव ने अंत में कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सजग है और 2027 में बदलाव तय है। समाजवादी पार्टी एकजुट INDIA गठबंधन के साथ मिलकर लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे ले जाएगी।
