
प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का किया शुभारंभ
प्रयागराज में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का किया शुभारंभ
प्रयागराज,लखनऊ: उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने जनपद प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में बेसिक शिक्षा विभाग के महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया। यह कार्यक्रम लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों द्वारा आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण था। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने बेसिक शिक्षा विभाग की उपलब्धियों पर आधारित डाक्यूमेंट्री फिल्म का विमोचन किया और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन कायाकल्प योजना के तहत स्कूलों में व्यापक बदलाव आया है, जिससे अब अभिभावक अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाने के लिए प्रोत्साहित हो रहे हैं। उन्होंने बच्चों को भविष्य का आधार बताते हुए कहा कि शिक्षा से ही सम्पूर्ण विकास संभव है।केशव प्रसाद मौर्य ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री स्वयं सफाई कार्य में जुटे हैं, इसलिए स्कूलों में भी बच्चों को सफाई के प्रति जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने प्रदेश को 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए सभी से सहयोग मांगा और वृक्षारोपण अभियान में भागीदारी करने का आग्रह किया।उपमुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों को कक्षा 12 तक उच्चीकृत किया जा रहा है और सभी में स्मार्ट क्लास व आईसीटी लैब स्थापित की जा रही हैं, जिससे कमजोर वर्ग की बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा मिलेगी। इसके अतिरिक्त, ग्रीष्मावकाश में समर कैम्प आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें बच्चों को जीवन कौशल व रचनात्मक शिक्षा दी जा रही है।इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी ने जनपद प्रयागराज में विभाग द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दी और बताया कि लाखों छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है तथा स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी लैब की स्थापना तेजी से हो रही है।सांसद प्रवीण पटेल ने कहा कि पूर्व में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था दयनीय थी, लेकिन अब ऑपरेशन कायाकल्प योजना के कारण बड़ा बदलाव आया है। जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह ने भी सरकारी स्कूलों की स्थिति में सुधार की पुष्टि की। महापौर उमेश चन्द्र गणेश केसरवानी ने कहा कि शिक्षा में गुणात्मक परिवर्तन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संभव हुआ है।कार्यक्रम में अनेक विधायक, अधिकारी और शिक्षक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन प्रभाकर त्रिपाठी ने किया।
