
लखनऊ में इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप का ताला तोड़ 7 लाख की चोरी
lucknow live :लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स एवं मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर लाखों रुपये का सामान चुरा लिया। टिकरिया मोड़ स्थित बहरू रोड पर राधा-कृष्ण मार्केट में विश्वजीत इलेक्ट्रॉनिक्स नामक दुकान को निशाना बनाया गया। पीड़ित दुकानदार विश्वजीत के अनुसार, चोरी हुए सामान की अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये है।
सुबह दुकान खोलने पहुंचे दुकानदार तो उखड़ा मिला शटर
बदमाश दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे और दर्जनों महंगे स्मार्टफोन, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण और अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। गुरुवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा। उसने शटर टूटा और दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ पाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही काकोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास के लोगों से पूछताछ की और साक्ष्य जुटाए। चोरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है
पुलिस की गश्त पर सवाल
इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। उन्होंने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों का कहना है कि बहरू रोड जैसे व्यस्त मार्ग पर इतनी बड़ी चोरी होना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल पीड़ित दुकानदार की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है।