
बंद कमरे में मिला किसान का शव, मौत की वजह बनी रहस्य
LUCKNOW LIVE: बाराबंकी के सिरौलीगौसपुर क्षेत्र के मरकामऊ गांव में गुरुवार सुबह 36 वर्षीय किसान का शव उसके बंद कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर बदोसराय कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक की पहचान सुरेंद्र (36) पुत्र घूरु के रूप में हुई है। वह खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे अंकुल (16) और अंश (14) हैं। उनकी पत्नी एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं।

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह काफी देर तक सुरेंद्र के कमरे का दरवाजा नहीं खुला। सुबह करीब सात बजे संदेह होने पर खिड़की से देखा गया तो वह कमरे के अंदर मृत अवस्था में मिले। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर पुलिस को सूचना दी।
रिजनों का कहना है कि सुरेंद्र और उनकी पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। उनका आरोप है कि पत्नी के निजी अस्पताल में नौकरी करने और देर तक घर से बाहर रहने को लेकर दोनों के बीच तनाव रहता था। परिजनों का मानना है कि पारिवारिक तनाव का इस घटना से संबंध हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और परिजनों के बयान दर्ज किए। कोतवाली प्रभारी रामऔतार सरोज ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।