
लखनऊ में सपाइयों पर FIR: भैंस नीलामी में पुलिस से धक्का-मुक्की
LUCKNOW NEWS: लखनऊ नगर निगम में 243 भैंसों की नीलामी के दौरान हंगामा और सड़क जाम करने के मामले में FIR दर्ज हुई है। लालबाग पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार ने सपा मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष अनीस रजा समेत 11 नामजद और 60

अज्ञात लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में शिकायत दी। आरोपियों पर बिना अनुमति प्रदर्शन, नारेबाजी, सरकारी काम में बाधा डालने और सार्वजनिक रास्ता रोकने का आरोप लगाया।
एसीपी-इंस्पेक्टर से धक्का-मुक्की हुई थी
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में 243 भैंसों की नीलामी चल रही थी। इसी दौरान अनीस रजा समर्थकों के साथ वहां पहुंचे और नीलामी प्रक्रिया रोकने की कोशिश की। विरोध-प्रदर्शन करके मेन रोड जाम कर दी।
प्रदर्शनकारियों ने एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और अन्य पुलिसकर्मियों से धक्का-मुक्की की। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सड़क से हटाया। कई प्रदर्शनकारियों को टांगकर ले गई।