
लखनऊ में बाबा बागेश्वर का भव्य कथा प्रवचन कार्यक्रम, गूंजेगी हनुमान भक्ति।
लखनऊLIVE: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दिसंबर महीने में भक्ति और आध्यात्मिकता का बड़ा आयोजन होने जा रहा है। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) पांच दिवसीय श्रीहनुमंत कथा के लिए लखनऊ पहुंचेंगे। सरोजनीनगर क्षेत्र स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 21 दिसंबर से 25 दिसंबर 2026 तक भव्य कथा प्रवचन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान बाबा बागेश्वर श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम और संकटमोचन हनुमान जी के जीवन, आदर्शों और महिमा से जुड़े प्रसंग सुनाएंगे।
आयोजकों की ओर से घोषित कार्यक्रम के अनुसार, प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से कथा का आयोजन होगा। कार्यक्रम की घोषणा के बाद राजधानी के धार्मिक और सामाजिक क्षेत्रों में चर्चा तेज हो गई है। लखनऊ के अलावा आसपास के जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।
विधायक राजेश्वर सिंह और हेल्प यू ट्रस्ट की पहल
इस पांच दिवसीय धार्मिक आयोजन का मुख्य आयोजन सरोजनीनगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह और हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में किया जा रहा है। विधायक राजेश्वर सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से श्रद्धालुओं को इस आयोजन में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।
आयोजकों का उद्देश्य राजधानी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम से जोड़ना है। विशेष रूप से उन बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो बागेश्वर धाम तक यात्रा करने में असमर्थ रहते हैं। अब उन्हें लखनऊ में ही बाबा बागेश्वर के मुखारविंद से हनुमंत कथा सुनने का अवसर मिलेगा।
बाबा बागेश्वर ने वीडियो संदेश जारी कर दिया निमंत्रण
पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भी वीडियो संदेश जारी कर लखनऊ के श्रद्धालुओं को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। अपने संदेश में उन्होंने उत्तर प्रदेश को भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की भूमि बताते हुए कहा कि वह 21 से 25 दिसंबर तक नवाबों के शहर लखनऊ में हनुमान जी का मंगलमय चरित्र सुनाने आ रहे हैं।
उन्होंने अपने संदेश में भक्ति, बालाजी की शक्ति और हनुमान जी की महिमा का उल्लेख करते हुए श्रद्धालुओं से कार्यक्रम की तैयारियों में जुटने की अपील की है। उनके इस निमंत्रण के बाद सोशल मीडिया पर भी आयोजन को लेकर उत्सुकता दिखाई दे रही है।
हनुमान जी के जीवन से मिलेगा सेवा और समर्पण का संदेश
पांच दिनों तक चलने वाली श्रीहनुमंत कथा में भगवान हनुमान के जीवन से जुड़े विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति, साहस, विनम्रता, निस्वार्थ सेवा और समर्पण का संदेश देने पर जोर रहेगा।
भगवान हनुमान को शक्ति, बुद्धि, विद्या और भक्ति का प्रतीक माना जाता है। प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी अनन्य निष्ठा और कठिन परिस्थितियों में भी कर्तव्य के प्रति समर्पण श्रद्धालुओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आयोजन के दौरान इन्हीं आदर्शों को कथा के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा।