
सऊदी अरब की तेल रिफाइनरी पर हूतियों का हमला!
सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच तनाव अब एक नए और खतरनाक मोड़ पर पहुंचता दिखाई दे रहा है। हूतियों ने दावा किया है कि उन्होंने सऊदी अरब के रेड सी यानी लाल सागर के तट पर मौजूद रबीग तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया है। इतना ही नहीं, हूतियों ने सऊदी अरब के वादी अल-दवासिर इलाके में लगे रडार सिस्टम पर भी हमला करने का दावा किया है। अगर ये दावे सही साबित होते हैं, तो यह सऊदी अरब के ऊर्जा ठिकानों और सैन्य निगरानी व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती हो सकती है।
आपको बता दें कि रबीग में मौजूद पेट्रो रबीग एक बहुत बड़ा तेल रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल प्लांट है। इसे सऊदी अरामको और जापान की सुमितोमो केमिकल ने मिलकर विकसित किया है। यह जगह जेद्दा से करीब 165 किलोमीटर उत्तर में लाल सागर के किनारे स्थित है। हूतियों का कहना है कि उनके हमले में इस रिफाइनरी को सीधे निशाना बनाया गया है। वहीं वादी अल-दवासिर में मौजूद रडार ठिकाने पर दो चरणों में हमला करने का भी दावा किया गया है।
इस बीच सऊदी अरब की वायु रक्षा प्रणाली ने भी कई हवाई खतरों को रोकने की जानकारी दी है। सऊदी अधिकारियों के मुताबिक, पश्चिमी सऊदी अरब की तरफ दागी गई एक बैलिस्टिक मिसाइल और रियाद तथा दक्षिणी सऊदी अरब की ओर भेजे गए दो ड्रोन को हवा में ही रोक दिया गया। हालांकि, इन मिसाइल और ड्रोन को रबीग रिफाइनरी पर हुए कथित हमले से जोड़कर नहीं देखा गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या हूतियों ने सऊदी अरब के खिलाफ हमलों का नया मोर्चा खोल दिया है? क्योंकि एक तरफ तेल रिफाइनरी जैसे अहम ठिकाने हैं और दूसरी तरफ देश की सुरक्षा से जुड़ा रडार सिस्टम। अगर इन जगहों को नुकसान पहुंचता है, तो इसका असर सऊदी अरब की तेल आपूर्ति और सुरक्षा व्यवस्था पर पड़ सकता है।
हालांकि, अभी तक रिफाइनरी को कितना नुकसान हुआ है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। रॉयटर्स के मुताबिक, हूतियों ने हमले का दावा किया है, लेकिन नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। सऊदी अधिकारियों की ओर से भी तत्काल इस कथित हमले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।
अब पूरी दुनिया की नजर इस बात पर है कि सऊदी अरब इस हमले के जवाब में क्या कदम उठाता है। क्या सऊदी अरब हूतियों के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई तेज करेगा? क्या तेल रिफाइनरी और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने से मध्य पूर्व में तनाव और बढ़ेगा? और सबसे बड़ा सवाल, क्या इस टकराव का असर दुनिया भर में तेल की कीमतों और आपूर्ति पर भी पड़ सकता है? आने वाले दिनों में इस पूरे मामले पर सबकी नजर बनी रहेगी।