diwali horizontal

लखनऊ के 88 साल पुराने मशहूर कॉफी हाउस पर लटका ताला

0 23

लखनऊ के 88 साल पुराने मशहूर कॉफी हाउस पर लटका ताला

COFFEE HOUSE CLOSED:लखनऊ के हज़रतगंज स्थित ऐतिहासिक इण्डियन कॉफ़ी हाउस (Indian Coffee House) के मुख्य द्वार पर ताला लटक गया है। दशकों पुरानी इस ऐतिहासिक धरोहर का अचानक बंद होना लखनऊ के बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों और वरिष्ठ पत्रकारों के लिए एक बड़े आघात जैसा है।

लखनऊ के हजरतगंज की पहचान रहे ऐतिहासिक इंडियन कॉफी हाउस पर इन दिनों ताला लटका हुआ है। वर्ष 1938 में शुरू हुआ यह कॉफी हाउस करीब 88 वर्षों से शहर की राजनीतिक, साहित्यिक और सामाजिक चर्चाओं का अहम केंद्र रहा है।

कभी यहां एक कप कॉफी के साथ घंटों तक देश-दुनिया, राजनीति, साहित्य और समाज से जुड़े मुद्दों पर बहस हुआ करती थी। पत्रकार, साहित्यकार, कलाकार, छात्र, सामाजिक कार्यकर्ता और राजनेता इस जगह पर नियमित रूप से जुटते थे। जवाहरलाल नेहरू, अटल बिहारी वाजपेयी, राम मनोहर लोहिया, वीपी सिंह, एनडी तिवारी, वीर बहादुर सिंह और चंद्रशेखर जैसे नेताओं से जुड़ी यादें भी इस कॉफी हाउस के इतिहास का हिस्सा हैं।

साहित्य की दुनिया में भी कॉफी हाउस की खास पहचान रही। यशपाल, भगवती चरण वर्मा, अमृतलाल नागर, मजाज लखनवी और अन्य साहित्यकारों की यहां बैठकों और चर्चाओं की यादें आज भी पुराने लखनऊवासियों के बीच जिंदा हैं।

रिपोर्टों के मुताबिक, कॉफी हाउस करीब तीन महीने से बंद है। इससे जुड़े लोगों ने स्टाफ की कमी को बंद होने की एक वजह बताया है। हालांकि, इसके दोबारा खुलने को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट समयसीमा सामने नहीं आई है।

कॉफी हाउस पहले भी कई बार संकटों से गुजर चुका है और बंद होने के बाद दोबारा खुलता रहा है। लेकिन इस बार लंबे समय से बंद रहने को लेकर साहित्यकारों, पत्रकारों और पुराने ग्राहकों में चिंता है। उनका मानना है कि यह महज एक कॉफी पीने की जगह नहीं, बल्कि लखनऊ की वैचारिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

यह कॉफी हाउस बुद्धिजीवियों, कवियों, लेखकों, सामाजिक-कार्यकर्ताओं, पत्रकारों और कलाकारों का भी मुख्य अड्डा हुआ करता था। एक कप कॉफी के साथ प्रदेश और देश स्तर की बड़ी-बड़ी बातों पर निष्कर्ष निकाला जाता था। यहां 4 रुपए से शुरू हुई काफी ने 50 रुपए तक पहुंची। फिलहाल, यह वीरान हो गया है।

अब सवाल यही है—क्या 88 साल पुराना यह ऐतिहासिक अड्डा फिर गुलजार होगा, या लखनऊ अपनी इस खास पहचान को हमेशा के लिए खो देगा?

#Lucknow #IndianCoffeeHouse #LucknowNews #Hazratganj #LucknowHistory #CoffeeHouse #UPNews #LucknowLive #UttarPradesh #Heritage #लखनऊ #इंडियनकॉफीहाउस #हजरतगंज #लखनऊन्यूज #उत्तरप्रदेश

Leave A Reply

Your email address will not be published.