
मायावती परिसीमन बिल का समर्थन करेंगी।
MAYAWATI SUPPORT DELIMITATION BILL: देश की राजनीति में परिसीमन बिल और महिला आरक्षण को लेकर हलचल तेज हो गई है। इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। मायावती ने केंद्र सरकार के महिला आरक्षण से जुड़े फैसले का स्वागत करते हुए परिसीमन से संबंधित विधेयकों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
मायावती ने कहा कि बहुजन समाज पार्टी लोकसभा और सभी राज्यों की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग लगातार करती रही है। इसलिए केंद्र सरकार के इस फैसले का स्वागत किया जाता है।
हालांकि, मायावती ने इसके साथ ही अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) समाज की महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण देने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि अगर इन वर्गों की महिलाओं के लिए अलग व्यवस्था की जाती, तो यह ऐतिहासिक कदम होता और उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने का बेहतर अवसर मिलता।

वहीं, परिसीमन के दौरान सीटों की संख्या और उनके निर्धारण को लेकर मायावती ने राजनीतिक और चुनावी स्वार्थ के आरोपों पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि केंद्र की सत्ता में रहने वाली पार्टियां कई बार देश और जनहित से ज्यादा अपने पार्टी हित को महत्व देती हैं।
मायावती के इस बयान के बाद अब परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक बहस और तेज होने की संभावना है। खास बात यह है कि मायावती ने महिला आरक्षण का समर्थन करते हुए SC-ST महिलाओं के लिए अलग आरक्षण की मांग को भी केंद्र में रखा है।