diwali horizontal

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता को बेहतर बिजली देना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: मंत्री श्री ए के शर्मा

0 38

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, जनता को बेहतर बिजली देना ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: मंत्री श्री ए के शर्मा

  • HIGHLIGHT
  • ट्रांसफार्मर बदलने में देरी और विद्युत दुर्घटनाओं पर ऊर्जा मंत्री का सख्त रुख
  • सुरक्षा उपकरण के बिना शटडाउन नहीं, अधिकारियों को चेतावनी
  • कावड़ यात्रा में विद्युत सुरक्षा से कोई समझौता नहीं, लापरवाही पर तय होगी व्यक्तिगत जिम्मेदारी
  • बिल देने वाले उपभोक्ताओं को किसी भी कीमत पर परेशानी नहीं होनी चाहिए: श्री ए के शर्मा

 

लखनऊ, 25 जुलाई 2026: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ स्थित संगम सभागार में विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि ऊर्जा विभाग में लापरवाही, ढिलाई और जवाबदेही से बचने की प्रवृत्ति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता की समस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के दौरान मंत्री श्री शर्मा ने ट्रांसफार्मर बदलने में हो रही अनावश्यक देरी पर गहरी नाराजगी जताई और कहा कि खराब ट्रांसफार्मर के कारण उपभोक्ताओं को लंबे समय तक बिजली संकट झेलना पड़े, यह किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने ट्रांसफार्मर बदलने और मरम्मत की व्यवस्था को समयबद्ध एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही वर्कशॉप में ट्रांसफार्मरों की रिपेयरिंग में बढ़ रही पेंडेंसी पर विस्तृत जानकारी तलब करते हुए इसमें तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

 

ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश में हो रही विद्युत दुर्घटनाओं पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अनेक मामलों में नीचे स्तर के अधिकारी न तो नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करते हैं और न ही घटनाओं का समय पर संज्ञान लेते हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यशैली पूरी तरह अस्वीकार्य है। उन्होंने डायरेक्टर टेक्निकल को निर्देश दिए कि जब तक संबंधित कर्मी सभी आवश्यक सुरक्षा उपकरण (सेफ्टी इक्विपमेंट) पहनना सुनिश्चित न कर लें, तब तक किसी भी स्थिति में शटडाउन न दिया जाए। सुरक्षा मानकों से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

श्री शर्मा ने अधिकारियों से लोड वृद्धि, बिलिंग संबंधी समस्याओं तथा ट्रांसफार्मर मरम्मत की लंबित स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि को लाइन लॉस से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। जहां आवश्यकता हो, वहां उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए क्षमता वृद्धि तत्काल की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि बिजली बिल का नियमित भुगतान करने वाले ईमानदार उपभोक्ताओं को बकायेदारों की वजह से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

 

बैठक में मंत्री श्री शर्मा ने बलिया में विद्युत दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए विभागीय अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दुर्घटना की गंभीरता से जांच की जाए और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

आगामी सावन मास एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए ऊर्जा मंत्री श्री शर्मा ने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों को निर्देश दिए कि विद्युत विभाग की सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण करें, विद्युत पोलों पर आवश्यक रैपिंग कराई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि विद्युत तारों के नीचे किसी भी प्रकार के शिविर या पंडाल न लगाए जाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान विद्युत संबंधी एक भी दुर्घटना नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी अधिकारी व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदारी निभाएं और सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

 

बैठक में अपर मुख्य सचिव/ निदेशक श्री आशीष गोयल, यूपीपीसीएल के एमडी श्री नीतीश कुमार के साथ सभी डिस्कॉम के एमडी एवं अन्य उच्चस्तरीय अधिकारी वर्चुअल उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.