diwali horizontal

नगरीय विकास के उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को मिलेगी नई पहचान, मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने ‘नगरीय सिंधु’ मासिक पत्रिका का किया शुभारंभ

0 22

नगरीय विकास के उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों को मिलेगी नई पहचान, मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने ‘नगरीय सिंधु’ मासिक पत्रिका का किया शुभारंभ

HIGHLIGHTS

नगरों के विकास की सफलता और प्रशिक्षण के अनुभवों को साझा करने का बनेगा सशक्त मंच ‘नगरीय सिंधु’

लखनऊ,07 नवंबर 2026: नगरों में हो रहे उत्कृष्ट कार्यों, नवाचारों और नगरीय विकास की नई पहल को प्रदेशभर में साझा करने के उद्देश्य से नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने आज नगरीय निकाय निदेशालय एवं नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के तत्वावधान में प्रकाशित होने वाली मासिक पत्रिका ‘नगरीय सिंधु’ का शुभारंभ किया। इस पत्रिका के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों, विकासपरक योजनाओं, नवाचारों तथा नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों का नियमित आदान-प्रदान किया जाएगा।

 

इस अवसर पर मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने कहा कि प्रदेश के नगरों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं, जलापूर्ति, सीवरेज, पर्यावरण संरक्षण और नगरीय प्रबंधन के क्षेत्र में अनेक अच्छे कार्य किए जा रहे हैं। इन कार्यों और नवाचारों की जानकारी दूसरे नगरीय निकायों तक पहुंचना आवश्यक है, ताकि एक नगर में अपनाई गई अच्छी पहल दूसरे नगरों के लिए भी प्रेरणा बन सके। ‘नगरीय सिंधु’ इस दिशा में एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगी।

उन्होंने कहा कि नगरीय विकास केवल आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके लिए बेहतर प्रबंधन, आधुनिक तकनीक, नवाचार और प्रशिक्षित मानव संसाधन भी आवश्यक हैं। नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता और दक्षता बढ़ाई जा रही है। पत्रिका में प्रशिक्षण से संबंधित जानकारियों के प्रकाशन से नगरीय निकायों के कार्मिकों को भी लाभ मिलेगा।

 

 

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री माननीय श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप उत्तर प्रदेश के नगरों को आधुनिक, स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। ऐसे में ‘नगरीय सिंधु’ नगरीय विकास की उपलब्धियों, अनुभवों और नई सोच को साझा करने का प्रभावी मंच बनेगी।

उन्होंने इस पहल के लिए नगरीय निकाय निदेशालय एवं नगरीय प्रशिक्षण एवं शोध संस्थान की टीम को बधाई देते हुए अपेक्षा की कि पत्रिका को नियमित, ज्ञानवर्धक और उपयोगी बनाया जाए, जिससे प्रदेश के सभी नगरीय निकाय इससे लाभान्वित हो सकें।

इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री पी गुरु प्रसाद, सचिव/ निदेशक श्री अनुज कुमार झा, निदेशक सोडा श्री महेंद्र बहादुर सिंह, नगर आयुक्त श्री गौरव कुमार, अपर निदेशक श्रीमती रितु सुहास सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.