diwali horizontal

ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद की लखनऊ में रैली

0 11

ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद की लखनऊ में रैली

LUCKNOW LIVE:  उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले एक नया सियासी मोर्चा अपनी ताकत दिखाने में जुट गया है। संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को राजधानी लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने संयुक्त रूप से ‘बहुजन स्वराज संकल्प महारैली’ को संबोधित किया। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले आयोजित इस रैली को दोनों दलों के गठबंधन के बाद पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है।

इस महारैली में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष और सांसद चंद्रशेखर आजाद तथा AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी एक मंच पर नजर आए। दोनों नेताओं ने दलित, मुस्लिम, पिछड़े और वंचित वर्गों को राजनीतिक रूप से एकजुट करने का संदेश दिया। रैली के जरिए गठबंधन ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश की।

2027 विधानसभा चुनाव पर नजर

दोनों दलों ने आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का ऐलान किया है। चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। रैली में दलित मुख्यमंत्री और मुस्लिम उपमुख्यमंत्री की राजनीतिक भागीदारी का नारा भी चर्चा में रहा।

ओवैसी ने अपने संबोधन में मुस्लिम समाज की राजनीतिक हिस्सेदारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज को केवल चुनाव के समय इस्तेमाल होने वाले वोट बैंक के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व को आगे बढ़ाने की बात करते हुए कहा कि अब मुस्लिम समाज केवल चुनाव में समर्थन देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि सत्ता में अपनी भागीदारी भी सुनिश्चित करेगा।

सपा और भाजपा की राजनीति को चुनौती देने की तैयारी

राजनीतिक जानकारों की नजर इस गठबंधन पर इसलिए भी है, क्योंकि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी पहले से ही PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के सहारे अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का एक साथ आना सपा के राजनीतिक समीकरणों के सामने भी नई चुनौती खड़ी कर सकता है।

वहीं भाजपा के सामने भी यह गठबंधन अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। दोनों नेताओं का दावा है कि सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा, शिक्षा, रोजगार, आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व जैसे मुद्दे उनकी प्राथमिकता होंगे।

रैली से पहले पोस्टर वार ने भी खींचा ध्यान

महारैली से पहले लखनऊ के कई इलाकों में असदुद्दीन ओवैसी के विरोध में पोस्टर और होर्डिंग लगाए जाने की खबरें भी सामने आईं। इन पोस्टरों में ओवैसी को उत्तर प्रदेश में चुनाव नहीं लड़ने की नसीहत दी गई। इससे रैली से पहले ही प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और चर्चाओं का दौर तेज हो गया था।

फिलहाल इस महारैली के जरिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए अपनी राजनीतिक जमीन तैयार करने का संकेत दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद की यह जोड़ी दलित-मुस्लिम एकजुटता को वास्तविक चुनावी समर्थन में बदल पाएगी? इसका जवाब आने वाले विधानसभा चुनाव में ही मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.