diwali horizontal

रश्मिका मंदाना ने रचा इतिहास: फिल्म ‘मैसा’ के लिए शूट किया भारत का पहला फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस

0 29

यूपी/डेस्क मुंबई। पैन-इंडिया स्टार रश्मिका मंदाना अपनी आगामी फिल्म ‘मैसा’ (MYSAA) को लेकर लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं। यह 2026 की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक है, जो भारत की पहली फीमेल-लीड पैन-इंडिया एक्शन फिल्म होने का गौरव रखती है। हाल ही में मेकर्स ने फिल्म से जुड़ा एक ऐसा बड़ा अपडेट साझा किया है, जिसने भारतीय सिनेमा में एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है।

बिना बॉडी डबल के 20 घंटे पानी के अंदर की शूटिंग

रश्मिका मंदाना ने इस फिल्म के लिए भारत का पहला फीमेल-लीड अंडरवॉटर फाइट सीक्वेंस पूरी तरह खुद शूट किया है। सबसे खास बात यह रही कि रश्मिका ने इस बेहद खतरनाक और चुनौतीपूर्ण सीन के लिए किसी भी एक्शन या बॉडी डबल का इस्तेमाल नहीं किया। इस धमाकेदार सीक्वेंस को पूरा करने के लिए उन्होंने दो दिनों के भीतर लगभग 20 घंटे पानी के अंदर बिताए।

रश्मिका की इस कड़ी मेहनत और बेखौफ अंदाज को देखकर सेट पर मौजूद अंडरवॉटर टेक्निकल टीम और डीओपी (डायरेक्टर ऑफ फोटोग्राफी) भी दंग रह गए। उनके मुताबिक, भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में ऐसा परफॉर्मेंस पहले कभी नहीं देखा गया है।

सोशल मीडिया पर शेयर की झलक

मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इस महत्वाकांक्षी एक्शन सीक्वेंस की एक झलक और तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “समंदर की गहराइयों के नीचे एक ऐसी जंग छिपी है, जैसी भारतीय सिनेमा ने पहले कभी नहीं देखी।” वहीं, रश्मिका ने भी अपनी एक्साइटमेंट शेयर करते हुए इसे अपनी जिंदगी का अब तक का सबसे चुनौतीपूर्ण काम बताया।

आदिवासी पृष्ठभूमि पर आधारित है ‘मैसा’

‘अनफॉर्मूला फिल्म्स’ के बैनर तले प्रोड्यूस और रवींद्र पुल्ले द्वारा निर्देशित ‘मैसा’ आदिवासी इलाकों की कहानी पर आधारित एक इमोशनल एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इस फिल्म में दर्शकों को रश्मिका का अब तक का सबसे दमदार, अनोखा और बेखौफ अवतार देखने को मिलेगा। मेकर्स के अनुसार, जल्द ही फिल्म के टीजर की घोषणा की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.