
यूपी में सरयू का कहर: नदी में समाया सरकारी प्राइमरी स्कूल
UP LIVE: यूपी में आज यानी सोमवार से मानसून फिर से रफ्तार पकड़ेगा। सुबह से लखनऊ, कानपुर और अयोध्या समेत 40 से ज्यादा शहरों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
लखीमपुर और बहराइच में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की सलाह दी है।

उधर, पहाड़ों पर हो रही बारिश की वजह से यूपी में नदियां उफान पर हैं। बलिया में सोमवार सुबह 7 बजे सरकारी प्राइमरी स्कूल सरयू नदी में समा गया। सिर्फ 3 सेकंड में पूरा भवन नदी के बहाव में ढह गया। रविवार को इसी स्कूल का आधा हिस्सा नदी में गिर गया था।

वहीं, बलिया के ही दोहरीघाट इलाके में नहर का तटबंध टूटने से सैकड़ों एकड़ धान की फसल पानी में डूब गई। इससे पहले, रविवार को लखनऊ, कानपुर, नोएडा और बिजनौर में झमाझम बारिश हुई। उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की सड़क धंस गई। हालांकि, सूचना मिलते ही NHAI की टीम ने मौके पर पहुंचकर इसे दुरुस्त करा दिया। इसके अलावा, खराब मौसम के कारण काठमांडू जा रही एक इंटरनेशनल फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।