diwali horizontal

तरुण गाबा ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला

0 55

तरुण गाबा ने लखनऊ पुलिस कमिश्नर का पदभार संभाला

LUCKNOW LIVE:  2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने बुधवार को लखनऊ के नए पुलिस कमिश्नर के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पुलिस कमिश्नरेट मुख्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं। पदभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने राजधानी की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई को अपनी प्राथमिकता बताया।

प्रदेश सरकार द्वारा किए गए 15 आईपीएस अधिकारियों के तबादलों के तहत तरुण गाबा को लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट की कमान सौंपी गई है। लखनऊ पुलिस कमिश्नर रहे अमरेंद्र सिंह सेंगर का प्रमोशन कर उन्हें पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) नियुक्त किया गया है। उन्हें पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।

तरुण गाबा मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले हैं और 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में कई महत्वपूर्ण मामलों की जांच की और एक पेशेवर व सख्त अधिकारी के रूप में पहचान बनाई। साल 2020 में उत्तर प्रदेश लौटने के बाद उन्होंने आईजी विजिलेंस, गृह सचिव, आईजी लखनऊ रेंज और एडीजी सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में उनका व्यापक अनुभव माना जाता है।

लखनऊ से पहले भी रहा जुड़ाव

तरुण गाबा का लखनऊ से पुराना जुड़ाव रहा है। महाकुंभ की तैयारियों के बाद उन्हें लखनऊ रेंज का आईजी बनाया गया था। जनवरी 2026 में एडीजी पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्होंने एडीजी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली। अब उन्हें राजधानी की पुलिस व्यवस्था की कमान सौंपी गई है।

अमरेंद्र सेंगर को मिली नई जिम्मेदारी

मंगलवार को पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर को डीजी रैंक में पदोन्नत कर पुलिस महानिदेशक (अभिसूचना) बनाया गया है। साथ ही उन्हें पुलिस महानिदेशक (सुरक्षा) का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उनके कार्यकाल में राजधानी में कई बड़े आयोजन, वीवीआईपी दौरे और संवेदनशील कानून-व्यवस्था की चुनौतियों का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.