diwali horizontal

मुख्यमंत्री ने भाई दूज एवं भगवान चित्रगुप्त जयन्ती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं

0 25
मुख्यमंत्री ने भाई दूज एवं भगवान चित्रगुप्त जयन्ती के अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं
लखनऊ: 10 नवम्बर, 2026: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने भाई दूज एवं भगवान चित्रगुप्त जयन्ती के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की है कि यह पावन पर्व सभी का जीवन सुख, समृद्धि एवं उल्लास से परिपूर्ण करे।
मुख्यमंत्री जी ने अपने सन्देश में कहा कि भाई दूज भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का पर्व है। बहन का स्नेह, भाई की मंगलकामना और परिवार के साथ बिताए आत्मीय क्षण भारतीय पारिवारिक परम्परा की अमूल्य निधि हैं। यह पर्व सम्बन्धों की मिठास को और प्रगाढ़ करने तथा परिवार में प्रेम, सम्मान और अपनत्व की भावना को सुदृढ़ करने का अवसर है। हमारी संस्कृति में पर्व-त्योहार परिवारों को जोड़ने और सामाजिक सम्बन्धों को आत्मीयता से सींचने का माध्यम रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भगवान चित्रगुप्त जयन्ती हमें अपने कर्मों, आचरण और दायित्वों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देती है। भगवान चित्रगुप्त न्याय और कर्मफल के प्रतीक हैं। उनकी आराधना का सन्देश है कि जीवन में सत्य, सदाचार और न्याय का सदैव पालन किया जाए। प्रत्येक व्यक्ति परिवार, समाज तथा राष्ट्र के प्रति अपने उत्तरदायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भाई दूज का पावन पर्व हमें अपने सम्बन्धों का सम्मान करने और परिवार के सुख-दुख में सहभागी बनने का सन्देश देता है। वहीं भगवान चित्रगुप्त की आराधना सद्कर्मों और नैतिक मूल्यों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करती है। उन्होंने कामना की कि भाई-बहन का स्नेह प्रत्येक परिवार में बना रहे, समाज में परस्पर विश्वास और सद्भाव बढ़े तथा प्रदेशवासी प्रेम, सत्य और न्याय के मूल्यों को आत्मसात करते हुए उत्तर प्रदेश की प्रगति में सहभागी बनें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.