diwali horizontal

मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा विधान सभा क्षेत्र, जनपद गोरखपुर में 287 करोड़ रु0 से अधिक लागत की रेल उपरिगामी सेतु सहित 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

0 52

मुख्यमंत्री ने चौरी-चौरा विधान सभा क्षेत्र, जनपद गोरखपुर में 287 करोड़ रु0 से अधिक लागत की रेल उपरिगामी सेतु सहित 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया

HEADING

यह विकास परियोजनाएं क्षेत्र की कनेक्टिविटी, व्यापार, रोजगार और नागरिक सुविधाओं को नई गति प्रदान करेगी
 
मुख्यमंत्री ने शहीद स्मारक स्थल चौरी-चौरा पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि दी
साइक्लोन के कारण हुई बेमौसम बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा, सरकार किसानों के लिए एक नया पैकेज लेकर आएगी, जिससे उनकी फसल को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी : मुख्यमंत्री
 
सभी जिला प्रशासनों को प्रभावित क्षेत्रों का पूरा सर्वेक्षण कराने तथा किसानों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश
 
चौरी-चौरा की धरती ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अनेक अमर क्रान्तिकारियों को जन्म दिया चौरी-चौरा नगर पंचायत में नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा
 
पं0 राम प्रसाद बिस्मिल, शहीद बन्धू सिंह, राजा हरि प्रसाद मल्ल और चौरी-चौरा के वीर बलिदानियों ने स्वतंत्रता आन्दोलन को नई दिशा दी
 
रेल उपरिगामी सेतु को यहां के क्रान्तिकारियों के सम्मान में क्रान्तिकारी ओवरब्रिज अथवा शहीद स्मारक ओवरब्रिज के रूप में जाना जाना चाहिए
व्यापारी केवल एक व्यवसायी नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़
 
चौरी-चौरा में विकास, रोजगार और किसानों के चेहरों पर खुशहाली का परिवर्तन दिखाई दे रहा
 
प्रधानमंत्री जी ने पं0 मदन मोहन मालवीय जी को भारत रत्न प्रदान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की
भारत 140 करोड़ देशवासियों के आत्मविश्वास के साथ दुनिया में नई पहचान बनाकर आगे बढ़ रहा
 
46 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला, गरीबों को आवास, घरों में शौचालय व मुफ्त राशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई उ0प्र0 अब पतन और शोषण की नहीं, बल्कि प्रगति और संस्कृति की धरती
लखनऊ : 01 नवम्बर, 2026:उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने चौरी-चौरा के क्रान्तिकारियों की स्मृतियों को नमन करते हुए कहा कि चौरी-चौरा का नाम इतिहास में क्रान्ति धरा के रूप में वर्णित है। यह वही धरती है, जिसने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अनेक अमर क्रान्तिकारियों को जन्म दिया। पं0 राम प्रसाद बिस्मिल, शहीद बन्धू सिंह, राजा हरि प्रसाद मल्ल और चौरी-चौरा के वीर बलिदानियों ने स्वतंत्रता आन्दोलन को नई दिशा देने का कार्य किया।
मुख्यमंत्री जी आज जनपद गोरखपुर में चौरी-चौरा विधान सभा क्षेत्र की 287 करोड़ रुपये से अधिक लागत की चौरी-चौरा-भोपा बाजार-मुण्डेरा बाजार-सोनबरसा मार्ग पर सम्पार संख्या-147 बी पर रेल उपरिगामी सेतु सहित 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरान्त आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इनमें 45 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 39 परियोजनाओं का शिलान्यास सम्मिलित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र, प्रशस्ति पत्र, बीज किट, प्रतीकात्मक चाभी आदि प्रदान किये। उन्होंने शहीद स्मारक स्थल चौरी-चौरा पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम के दौरान जनपद गोरखपुर एवं विधान सभा चौरी-चौरा की विकास यात्रा पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गयी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दीपावली एवं छठ महापर्व से पूर्व लोकार्पित एवं शिलान्यास की गयी परियोजनाओं को चौरी-चौरा विधानसभा क्षेत्र के निवासियों के लिए उपहार हैं। यह परियोजनाएं विकास की नई धारा है, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी, व्यापार, रोजगार और नागरिक सुविधाओं को नई गति प्रदान करेगी। इन परियोजनाओं में चौरी-चौरा-भोपा बाजार-मुण्डेरा बाजार-सोनबरसा मार्ग पर स्थित रेलवे सम्पार संख्या-147-बी पर निर्मित फ्लाईओवर क्षेत्र के आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री जी ने प्रदेश के अन्नदाता किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि साइक्लोन के कारण हुई बेमौसम बारिश, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। पहले भी मुआवजा दिया गया है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। डबल इंजन सरकार किसानों को हुए नुकसान की पूरी भरपाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी जिला प्रशासनों को निर्देश दिए गए हैं कि वह प्रभावित क्षेत्रों का पूरा सर्वेक्षण कराएं और किसानों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराएं। सरकार किसानों के लिए एक नया पैकेज लेकर आएगी, जिसके माध्यम से उनकी फसल को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। सरकार अन्नदाता किसानों के हितों की रक्षा और उनकी खुशहाली के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगी।

 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि भोपा बाजार रेलवे लाइन के कारण यह क्षेत्र दो हिस्सों में बंट जाता था। पहले यहां घण्टों जाम लगा रहता था और आवागमन बाधित होता था। देवरिया जाने वाले लोगों को रेलवे क्रॉसिंग पर आधा-आधा घण्टा तक जाम में फंसे रहना पड़ता था। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने लम्बे समय से यहां पुल निर्माण की मांग उठाई थी। आज फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने से क्षेत्रवासियों की पुरानी मांग साकार हुई है। इस फ्लाईओवर को यहां के क्रान्तिकारियों के सम्मान में क्रान्तिकारी ओवरब्रिज अथवा शहीद स्मारक ओवरब्रिज के रूप में जाना जाना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियां इस धरती के बलिदानियों के योगदान को याद रखेंगी।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पुल निर्माण में जितना धन खर्च हुआ, उससे अधिक धन मुआवजे में खर्च किया गया, क्योंकि सरकार की प्राथमिकता थी कि क्षेत्र का आवागमन बाधित न हो और बाजार तक पहुंच बनी रहे। दुकानों को तोड़े बिना बाजार की सुविधा सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया। जहां दुकानें बचाई जा सकती थीं, वहां उसी के अनुरूप डिजाइन तैयार करने की व्यवस्था की गई, ताकि किसी व्यापारी को अनावश्यक कष्ट न हो।

 

व्यापारी केवल एक व्यवसायी नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। उसका कारोबार चलता है तो रोजगार का सृजन होता है और बाजार में सर्कुलर इकोनॉमी संचालित होती है। यही देश की प्रगति का आधार बनती है। सरकार व्यापारियों की सुरक्षा और उनके सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया गया है। बेटियों की सुरक्षा और व्यापारियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। ऐसे अपराध करने वालों को जेल अथवा कठोर दण्ड का सामना करना पड़ेगा। चौरी-चौरा में विकास, रोजगार और किसानों के चेहरों पर खुशहाली का परिवर्तन दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि चौरी-चौरा नगर पंचायत में नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष ने कार्यालय भवन की आवश्यकता बताई थी। इसके दृष्टिगत पहले भूमि की व्यवस्था कराई जाए, उसके बाद सरकार भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराएगी। नगर पंचायत क्षेत्र को सी0सी0टी0वी0 कैमरों से कवर किया जाएगा। स्वच्छता, सुरक्षा और पार्किंग की व्यवस्था को एकीकृत प्रणाली के माध्यम से संचालित किया जा सकेगा, जिससे सभी व्यवस्थाओं की निगरानी एक स्थान से हो सकेगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र और निवास प्रमाणपत्र जैसी सेवाएं भी एक ही प्लेटफॉर्म के माध्यम से उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित करने की पहल भी की जाएगी।

 

मुख्यमंत्री जी ने नगर पंचायत में नाली निर्माण की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि कार्यों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाए और जनप्रतिनिधि तथा सम्बन्धित अधिकारी इच्छाशक्ति के साथ काम करें। युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, किसानों के लिए सरकारी योजनाएं और क्षेत्र के विकास के लिए अनेक योजनाएं उपलब्ध हैं। इनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री जी ने बाबा गोरखनाथ की पावन धरती, माँ तरकुलहा देवी की असीम अनुकम्पा की भूमि तथा शहीद बन्धू सिंह की क्रान्तिकारी धरती को नमन करते हुए कहा कि 04 फरवरी, 1922 को चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना के बाद अंग्रेजों ने 172 देशभक्तों को फांसी की सजा सुनाई थी। उस समय किसान, श्रमिक, व्यापारी और नौजवानों के पक्ष में पैरवी करने के लिए पं0 मदन मोहन मालवीय आगे आए। उनकी प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप 151 क्रान्तिकारियों को फांसी के फंदे से बचाने में सफलता मिली। इस दौरान भगवान अहिर, नजर अली, कोमल सिंह यादव, लाल मोहम्मद, मेघु तिवारी, अब्दुल्लाह, श्याम सुंदर, महादेव सिंह, विक्रम अहीर, मेगु अली, काली चरण, लौटू कुम्हार, रघुवीर सुनार, रामलखन, रामरूप, सहदेव, रुदली केवट, सम्पत अहीर, सीताराम, दुधई भर सहित अन्य वीर क्रान्तिकारियों को अंग्रेजो ने चौरी-चौरा की ऐतिहासिक घटना के लिए फांसी के फंदे पर लटकाने का कार्य किया था।
चौरी-चौरा की घटना का प्रभाव इतना व्यापक था कि अंग्रेजी शासन की चूलें हिल गई थी। तत्कालीन कांग्रेस नेतृत्व भी इससे प्रभावित हुआ था। उस समय आन्दोलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया, लेकिन चौरी-चौरा, गोरखपुर और भारत की क्रान्तिकारी चेतना नहीं रुकी। पं0 मदन मोहन मालवीय ने क्रान्तिकारियों की पैरवी कर उनके जीवन की रक्षा की। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने पं0 मदन मोहन मालवीय जी को भारत रत्न प्रदान कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। यह सम्मान उन क्रान्तिकारियों और युवाओं के प्रति भी सम्मान का भाव है, जो काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में अध्ययन कर उच्च शिक्षा प्राप्त करते हैं। क्रान्तिकारियों ने जाति और परिवार से ऊपर उठकर केवल देश की स्वतंत्रता को अपना लक्ष्य बनाया था। उनका एक ही संकल्प था कि भारत गुलामी की बेड़ियों से मुक्त हो। चौरी-चौरा थाने की घटना के माध्यम से उन्होंने अंग्रेजी शासन को चुनौती दी और स्वतंत्रता का बिगुल फूंका।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर ने भारत के क्रांतिकारियों के बारे में लिखा था कि जला अस्थियां बारी-बारी, चटकाई जिनमें चिंगारी, जो चढ़ गये पुण्यवेदी पर, लिए बिना गर्दन का मोल। कलम, आज उनकी जय बोल। देश में अराजकता उत्पन्न करने वालों के बारे में भी रामधारी सिंह दिनकर ने लिखा है अन्धा चकाचौंध का मारा, क्या जाने इतिहास बेचारा, साखी हैं उनकी महिमा के, सूर्य चन्द्र भूगोल खगोल। कलम, आज उनकी जय बोल। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों की स्मृति और सम्मान बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने माँ तरकुलहा देवी मन्दिर के सौन्दर्यीकरण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने तथा मन्दिर को श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केन्द्र बनाने का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री जी ने सन् 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानी शहीद बन्धू सिंह का स्मरण करते हुए कहा कि गोरखपुर में फांसी दिए जाने के समय बार-बार फांसी का फंदा टूटने की घटना के बाद बन्धू सिंह ने स्वयं माँ तरकुलहा देवी का आह्वान किया था। आज मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र है और लोग माँ के दर्शन के साथ-साथ शहीद बन्धू सिंह को भी श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज भारत 140 करोड़ देशवासियों के आत्मविश्वास के साथ दुनिया में नई पहचान बनाकर आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में गरीबों के जीवन में अभूतपूर्व परिवर्तन आया है। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार 46 करोड़ गरीबों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाकर सामान्य जीवनयापन का अवसर मिला है। गरीबों को आवास, घरों में शौचालय और मुफ्त राशन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आयुष्मान भारत योजना के अन्तर्गत 55 करोड़ लोगों को प्रतिवर्ष 05 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिली है। जनधन योजना के माध्यम से 55 करोड़ लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं। पहले गरीबों के लिए भेजे गए 100 रुपये में से केवल 15 रुपये ही उन तक पहुंचते थे, लेकिन अब डी0बी0टी0 के माध्यम से पूरी धनराशि सीधे लाभार्थियों के खाते में पहुंच रही है। डिजिटल ट्रांजेक्शन ने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था को मजबूत आधार प्रदान किया है और बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गरीबों के जीवन में खुशहाली लाने वाली इन योजनाओं से देश में व्यापक बदलाव आया है। भारत अपनी स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष की ओर बढ़ रहा है। ऐसे समय में देश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाने के साथ-साथ षड्यंत्र, दुष्प्रचार और अव्यवस्था फैलाने वाले तत्वों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से दुष्प्रचार का मुकाबला करने और देश के विकास के पक्ष में सजग रहने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने विगत 10 वर्षों में प्रदेश के 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन मेडिकल कॉलेज’, ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन’ जैसी योजनाओं के माध्यम से विकास को नई दिशा दी गई है। प्रदेश में माफिया के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की गई है, जिससे अब किसी गरीब की जमीन पर कब्जा करने अथवा किसी बेटी की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने का दुस्साहस करना आसान नहीं है।
प्रदेश में पहले बेटियां स्कूल जाने से डरती थीं, व्यापारी कारोबार करने से घबराते थे और पर्व-त्योहारों से पहले दंगे, उपद्रव तथा कर्फ्यू की स्थिति पैदा हो जाती थी। व्यापारियों की सुरक्षा और गरीबों की जमीन की रक्षा की कोई गारण्टी नहीं थी। वर्तमान सरकार ने कानून-व्यवस्था को मजबूत कर इस स्थिति में बदलाव किया है। अब प्रदेश में कर्फ्यू और दंगों के स्थान पर उत्सव का वातावरण है। उत्तर प्रदेश शोषण और अव्यवस्था की पहचान से निकलकर संस्कृति, सुरक्षा और प्रगति की धरती के रूप में आगे बढ़ रहा है। उत्तर प्रदेश अब पतन की नहीं, बल्कि प्रगति की धरती बन गयी है। उत्तर प्रदेश अब शोषण का नहीं, बल्कि संस्कृति की धरती बन गयी है। पूर्ववर्ती सरकार के समय प्रदेश में अपराध और अव्यवस्था का माहौल था, जबकि डबल इंजन की सरकार ने उत्तर प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाया है। आज प्रदेश में विकास और रोजगार का वातावरण है। चौरी-चौरा में दिखाई दे रहा परिवर्तन विकास, रोजगार और नौजवानों के चेहरों पर खुशहाली का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस खाद कारखाने के दोबारा शुरू होने की कभी कल्पना नहीं की जाती थी, वह आज संचालित हो रहा है। पिपराइच में नई चीनी मिल स्थापित हुई है। गोरखपुर में एम्स संचालित है। चारों ओर 04-लेन कनेक्टिविटी विकसित हुई है और बड़े पैमाने पर निवेश आ रहा है। हजारों नौजवानों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं। सरकार पूरे उत्तर प्रदेश को एक परिवार मानकर कार्य कर रही है। प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के सुख-दुःख में सहभागी बनना सरकार की जिम्मेदारी है। विकास का लाभ किसी भेदभाव के बिना प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना चाहिए। कोई भी ताकत प्रदेश के नागरिकों को विकास से वंचित नहीं कर सकती।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकास की इस धारा को और गति दी जा रही है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि वह दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने वाले तत्वों से सावधान रहें। प्रदेश में शान्ति, सुरक्षा और विकास के वातावरण को बनाए रखने के लिए सभी नागरिकों को सजग रहना होगा। चौरी-चौरा के निवासियों ने डबल इंजन सरकार पर विश्वास जताया है, इसलिए क्षेत्र के विकास में कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी। चौरी-चौरा में विकास की गंगा इसी प्रकार आगे बढ़ती रहेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण यहां की जनता की आवश्यकताओं और विकास से जुड़े प्रस्तावों को सरकार के समक्ष रखें। इन प्रस्तावों के रास्ते में आने वाली बाधाओं को दूर करना उनकी जिम्मेदारी होगी। सरकार इन बाधाओं को हटाकर विकास की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाएगी। चौरी-चौरा की ऐतिहासिक पहचान और यहां के क्रांतिकारियों का सम्मान बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। विकास की यह बयार उन्हीं क्रान्तिकारियों के आशीर्वाद से आगे बढ़ रही है।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री श्री कमलेश पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। मुख्यमंत्री जी ने उत्तर प्रदेश को बीमारु राज्य की श्रेणी से निकालकर विकसित राज्य बनाने की ओर अग्रसर किया। आज प्रदेश के प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज का निर्माण कराया गया है। प्रदेश में पक्की सड़कों के नेटवर्क का विस्तार हुआ है। इसी प्रकार विगत 10 वर्षां में चौरी-चौरा का ऐतिहासिक विकास हुआ है। माँ तरकुलहा देवी मन्दिर के जीर्णाद्धार के लिए अनेक कार्य किये गये। साथ ही, यहां अनेक विकास कार्य किए गए।
प्रदेश के मत्स्य मंत्री श्री संजय निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश निरन्तर विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आज उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश में विकास के रोल मॉडल के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। विकास की विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से जनपद की तस्वीर बदल रही है और गोरखपुर निरन्तर प्रगति के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के प्रत्येक वर्ग तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। मछुआरा समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मछुआ कल्याण योजना के माध्यम से मछुआ समाज के उत्थान और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। गोरखपुर में वर्ल्ड फिशरीज सेण्टर की स्थापना होने जा रही है इससे मत्स्य क्षेत्र में नई सम्भावनाओं के द्वार खुलेंगे तथा मत्स्य उत्पादन, अनुसंधान, प्रशिक्षण और तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी। यह पहल गोरखपुर को मत्स्य क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम को विधायक इं0 सरवन कुमार निषाद ने भी सम्बोधित किया।
इस अवसर पर सांसद श्रीमती संगीता यादव, विधान परिषद सदस्य डॉ0 धर्मेन्द्र सिंह, विधायक श्री विपिन सिंह, श्री श्रीराम चौहान, श्री प्रदीप शुक्ल अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.