
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मधुबन नगर पंचायत कार्यालय भवन का उद्घाटन किया
HIGHLIGHTS
मधुबन के विकास को नई दिशा देने का संकल्प: सड़क, इंटरलॉकिंग व आधारभूत सुविधाओं को मिलेगा विस्तार
कृषि आधारित उद्योगों से बदलेंगे मधुबन की तस्वीर: मंत्री श्री ए के शर्मा
लखनऊ,17 अप्रैल 2026: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा ने मऊ जनपद के भ्रमण के दौरान आदर्श नगर पंचायत मधुबन के नवनिर्मित कार्यालय भवन का कल देर शाम उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

अपने संबोधन में मंत्री श्री शर्मा ने बताया कि मात्र 65 लाख रुपये की लागत से इस कार्यालय भवन का निर्माण कराया गया है। कम लागत में बेहतर गुणवत्ता का निर्माण कार्य होने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों की सराहना की और कहा कि अब उन्हें और अधिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि मधुबन क्षेत्र की सभी सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा तथा सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके साथ ही अन्य आवश्यक विकास कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में आधारभूत सुविधाएं और सुदृढ़ होंगी।

उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि यदि मधुबन (मऊ) की तस्वीर बदलनी है तो कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देना होगा। इसी दिशा में उन्होंने किसान बाजार, कृषि मंडी, कोल्ड स्टोरेज एवं मिनी कोल्ड स्टोरेज स्थापित करने की घोषणा की, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।

मंत्री श्री शर्मा ने यह भी बताया कि करीब 25-30 वर्षों से बंद पड़ी परदहा मिल जहां भूमाफियाओं ने कब्जे कर लिए हैं वहां शीघ्र ही औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। इस क्षेत्र को औद्योगिक गतिविधियों के लिए उपयोग में लाया जाएगा,

जिससे मधुबन के विकास को नई गति मिलेगी।उन्होंने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से कृषि और उद्योग के समन्वय के माध्यम से मधुबन मऊ का समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा और आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रगति की नई मिसाल बनेगा।