
एजेंसी/ भारतीय सिनेमा के भविष्य, नई कहानियों और फिल्म निर्माण की बदलती चुनौतियों पर चर्चा के लिए अंतरराष्ट्रीय भारतीय फिल्म अकादमी (आईफा) ने आईफा कॉनेक्स के चौथे संस्करण ‘द नेक्स्ट टेक’ का आयोजन किया। इस विशेष कार्यक्रम में फिल्म जगत की जानी-मानी हस्तियों और उभरती प्रतिभाओं ने हिस्सा लेकर अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम में फिल्मकार शकुन बत्रा, निखिल आडवाणी, शाजिया इकबाल, करण सिंह त्यागी और अभिनेता प्रतीक गांधी शामिल हुए। संवाद का संचालन गेलिन मेंडोंका ने किया चर्चा के दौरान फिल्म निर्माण की शुरुआत, पहली फिल्म बनाने की चुनौतियों और अपनी रचनात्मक पहचान स्थापित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि एक अच्छी फिल्म के लिए निर्माता का विश्वास, मजबूत रचनात्मक सहयोग, सही टीम और दर्शकों की पसंद को समझना बेहद जरूरी है।

डिजिटल मंचों के बढ़ते प्रभाव, बदलते दर्शकों के नजरिये और रचनात्मक स्वतंत्रता के साथ व्यावसायिक अपेक्षाओं के बीच संतुलन बनाने पर भी चर्चा हुई। वक्ताओं ने नई पीढ़ी के फिल्मकारों के लिए उपलब्ध अवसरों को महत्वपूर्ण बताया।

आईफा के सह-संस्थापक आंद्रे टिमिन्स ने कहा कि आईफा कॉनेक्स का उद्देश्य पुरस्कार समारोहों से आगे बढ़कर फिल्म जगत के लोगों को विचारों के आदान-प्रदान और सहयोग के लिए सार्थक मंच उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में हाउस ऑफ एनवी के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी वरुण जैन और मर्सी मुंबई के सह-संस्थापक गौरव एच. पारिख भी मौजूद रहे।