
योगी का विपक्ष पर तंज: हमने नल लगवाए, कोई टोटी चोरी कर रहा है
CM YOGI ADITYANATH NEWS: लखनऊ में सीएम योगी ने कहा कि हमें पानी बचाने के लिए काम करना होगा। इसलिए हमने हर घर नल की योजना को बढ़ाया। पता चला कि कोई टोटी चोरी कर रहा है। कोई अन्य तरह से उसका नुकसान कर रहा है। खुला है तो खुला हुआ है। यह कहते हुए सीएम मुस्कुराने लगे।

उन्होंने कहा- अगर कोई नल खुला छोड़कर जाए तो उसे टोकना चाहिए। समाज के लोगों का दायित्व है कि वे सरकारी संपत्तियों का नुकसान करने वालों को रोकें। योगी इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शुक्रवार को पर्यावरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे। सियासी गलियारे में लोग इस बयान को सपा मुखिया अखिलेश यादव से जोड़कर देख रहे हैं।

दरअसल, टोटी चोरी का मामला 2017 में सपा के यूपी की सत्ता से हटने के बाद सामने आया था। बतौर सीएम अखिलेश को 4-विक्रमादित्य मार्ग पर आवास आवंटित था। सुप्रीम कोर्ट ने सभी पूर्व CM को आवास खाली करने का आदेश दिया था। अखिलेश ने भी अपना आवास खाली कर दिया। इसके बाद भाजपा के लोगों ने उन पर टोटी चोरी करने का इल्जाम लगाना शुरू कर दिया था।
अखिलेश कई बार इन आरोपों का जवाब दे चुके हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हमारे ऊपर इल्जाम लगा कि हम टोटी ले गए। मेरे जाने के बाद सीएम आवास को गंगाजल से धुलवाया गया। यह सब आप भूल सकते हो, मैं नहीं।
आज सीएम योगी के 54वें जन्मदिन पर महोबा में बुंदेली समाज के लोगों ने अपने खून से 54 बधाई संदेश लिखकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। बलिया के एक हलवाई ने 54 किलो का लड्डू बनाया। उसपर लिखा- हैप्पी बर्थडे योगीजी। बांसडीह के रेत कलाकार रूपेश सिंह ने सीएम की तस्वीर रेत पर उकेरी।
गृह मंत्री अमित शाह से लेकर बसपा सुप्रीमो ने सीएम योगी को शुभकामनाएं दीं। इससे पहले, पर्यावरण दिवस पर यूपी में 5 करोड़ पौधे लगाए गए। योगी ने 5, कालिदास मार्ग पर पौधा रोपकर अभियान की शुरुआत की। इसके बाद कुकरैल पहुंचे। औषधि वन की स्थापना की। स्कूली बच्चों को मिठाई बांटी।
सिटीजन वॉयस हिंदी दैनिक की ओर से उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री माननीय योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाये