
लखनऊ के परिवर्तन चौक पर युवाओं का प्रदर्शन शुरू, पेपर लीक मामले को लेकर विरोध
LUCKNOW LIVE : लखनऊ के परिवर्तन चौक पर शनिवार को बड़ी संख्या में युवाओं ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितताओं के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थियों ने सरकार और संबंधित एजेंसियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बार-बार पेपर लीक की घटनाओं से लाखों मेहनती युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। अभ्यर्थियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध नियुक्तियों की मांग की।
प्रदर्शन के मद्देनज़र परिवर्तन चौक और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रदर्शन को शांतिपूर्ण बनाए रखने का प्रयास कर रही है। फिलहाल किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।