diwali horizontal

दुबई रवाना हुए उत्तर प्रदेश के 27 चयनित युवा, श्रम मंत्री अनिल राजभर ने दिखाई हरी झंडी

0 43

दुबई रवाना हुए उत्तर प्रदेश के 27 चयनित युवा, श्रम मंत्री अनिल राजभर ने दिखाई हरी झंडी

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर लगातार बढ़ाने की दिशा में श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में आज बापू भवन के सभागार में आयोजित ओवरसीज जॉब्स फ्लैग-ऑफ सेरेमनी में दुबई के लिए चयनित 27 युवाओं को मंत्री अनिल राजभर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह सभी युवा 26 से 28 अगस्त 2025 तक इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित रोजगार महाकुंभ के माध्यम से चयनित हुए थे। इस महाकुंभ के जरिए कुल 16 हजार से अधिक अभ्यर्थियों का चयन हुआ था, जिनमें से 1612 युवाओं को दुबई के लिए चुना गया था।इस अवसर पर श्रम मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश 2047 के संकल्प को पूरा करने के लिए उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य है जिसे भारत सरकार द्वारा ओवरसीज प्लेसमेंट के लिए आर.ए. लाइसेंस प्राप्त हुआ है। इसके माध्यम से राज्य सरकार विदेश मंत्रालय और विभिन्न देशों के राजनयिकों से समन्वय स्थापित कर युवाओं को विदेशों में रोजगार दिलाने की दिशा में काम कर रही है।मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे बिना किसी भय के अपनी नई यात्रा आरंभ करें। विभाग की ओर से हेल्पलाइन नंबर और पोर्टल की सुविधा दी गई है ताकि किसी भी समस्या की स्थिति में वे सीधे सरकार से संपर्क कर सकें। उन्होंने कहा कि दुबई में रहकर युवा अपने कौशल को निखारें, नई भाषाओं का ज्ञान प्राप्त करें और अनुभव बढ़ाएं जिससे भविष्य में और बेहतर अवसर प्राप्त हो सकें।मंत्री ने बताया कि प्रदेश के युवाओं की स्किल्ड मैनपॉवर की दुनिया भर में मांग बनी हुई है। यूरोप और गल्फ देशों के साथ अब रूस से भी लगभग 5 लाख श्रमिकों की मांग आई है, जिसके लिए सरकार योजना बना रही है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य अगले एक वर्ष में 25 हजार युवाओं को विदेशों में और एक लाख युवाओं को देश के निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है।कार्यक्रम में प्रमुख सचिव डॉ. एम.के.एस. सुन्दरम् ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने कार्य को ईमानदारी और समर्पण के साथ करें। उन्होंने बताया कि जल्द ही रोजगार महाकुंभ का आयोजन वाराणसी और गोरखपुर में भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार से जोड़ा जा सके। महिला दिवस पर महिलाओं के लिए विशेष रोजगार महाकुंभ आयोजित करने की भी योजना है।सेवायोजन विभाग की निदेशक नेहा प्रकाश ने बताया कि उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत विभाग लगातार निजी क्षेत्र में युवाओं को देश और विदेश में रोजगार दिलाने का कार्य कर रहा है। इस अवसर पर रोजगार महाकुंभ 2025 से संबंधित कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी मंत्री अनिल राजभर द्वारा किया गया।कार्यक्रम में इकोनॉमिक टाइम्स के प्रतिनिधि अर्पित गुप्ता ने विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बीसीएस कंसल्टेंसी के सहयोग से प्रदेश के युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार दिलाने के प्रयास जारी रहेंगे। समारोह के अंत में बीसीएस कंसल्टेंसी प्रा.लि. के एमडी अभिषेक भारतीय ने मंत्री और अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए दुबई जाने वाले अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विशेष सचिव नीलेश कुमार सिंह, अपर निदेशक प्रमोद कुमार पुंडीर, संयुक्त सचिव अवनीन्द्र कुमार शुक्ला समेत अन्य अधिकारी और अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.