diwali horizontal

योगी सरकार में हर वर्ग त्रस्त, बेरोजगारी और शिक्षकों की समस्याओं पर कांग्रेस ने बोला हमला — अजय राय

0 96

योगी सरकार में हर वर्ग त्रस्त, बेरोजगारी और शिक्षकों की समस्याओं पर कांग्रेस ने बोला हमला — अजय राय

लखनऊ: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान योगी सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में इस समय न केवल बेरोजगार युवा बल्कि शिक्षक, कर्मचारी, वकील, डॉक्टर और समाज का हर वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में भर्तियां ठप पड़ी हैं। विज्ञापन निकल नहीं रहे, और जहां निकलते भी हैं, वहां परीक्षा नहीं हो पाती। परीक्षा होती है तो पेपर लीक हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में बेरोजगार युवा निराशा और अवसाद की स्थिति में पहुंच गए हैं।अजय राय ने कहा कि मौजूदा सरकार में सबसे अधिक पीड़ा शिक्षकों को झेलनी पड़ रही है। वित्तविहीन शिक्षकों को न तो मानदेय मिल रहा है, न ही सेवा सुरक्षा दी जा रही है। एडेड कॉलेजों के शिक्षकों की सेवा सुरक्षा समाप्त कर दी गई है और पुरानी पेंशन की मांग को सरकार ने दरकिनार कर दिया है। शिक्षकों के हजारों पद खाली पड़े हैं, लेकिन शिक्षा सेवा चयन आयोग बनाकर सरकार ने सिर्फ दिखावा किया है। उन्होंने कहा कि प्राइमरी से लेकर डिग्री कॉलेजों तक शिक्षकों की भर्ती के लिए बनाया गया आयोग एक भी भर्ती नहीं करा पा रहा है। 2021 में निकले विज्ञापनों की परीक्षाएं आज तक नहीं हो सकीं। पांच बार परीक्षा तिथि घोषित करने के बाद भी सरकार उसे टालती रही, जिससे युवाओं में गहरा रोष है।कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस अराजकता और अव्यवस्था के खिलाफ शिक्षक और स्नातक विधान परिषद के सदस्य सदन में आवाज उठाते हैं, लेकिन भाजपा सरकार लोकतंत्र की आवाज दबाने का काम करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले विधान परिषद चुनाव में भाजपा ने बूथ कैप्चरिंग और मत पेटियों में हेराफेरी कर चुनाव जीता था, जिससे लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आघात पहुंचा।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं और शिक्षकों की आवाज को सदन तक पहुंचाने के लिए आगामी विधान परिषद चुनाव की सभी 11 सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी। इसके लिए कांग्रेस 5 लाख स्नातक और 2 लाख शिक्षक मतदाताओं को जोड़ने के अभियान में जुट गई है। सभी जिलों में फार्म वितरित किए जा चुके हैं और मतदाता पंजीकरण का कार्य तेज़ी से चल रहा है।उन्होंने बताया कि चुनाव संचालन के लिए प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ में एक कनेक्ट सेंटर स्थापित किया गया है, जो सभी जिलों से सीधा जुड़ा रहेगा। प्रत्येक जिले में एक कोऑर्डिनेटर कमेटी बनाई जाएगी, जो कनेक्ट सेंटर से तालमेल रखेगी। इस कार्य में विधि, शिक्षक एवं चिकित्सा प्रकोष्ठों को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही सभी सीटों पर सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को प्रभारी और सह प्रभारी के रूप में नियुक्त किया जा रहा है।अजय राय ने बताया कि एमएलसी चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे, स्वयं वे और अन्य वरिष्ठ नेता जिलों में बैठकों का आयोजन करेंगे। कांग्रेस की जिला और ब्लॉक कमेटियां वोटर लिस्ट तैयार करने से लेकर मतदान तक के हर चरण में सक्रिय रहेंगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी गंभीरता के साथ हर सीट पर मजबूत दावेदारों को मैदान में उतारेगी ताकि शिक्षक और स्नातक वर्ग की आवाज़ सदन तक पहुंचाई जा सके।कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि प्रत्येक सीट पर चुनाव की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों को कोऑर्डिनेटर घोषित किया जा रहा है। अब तक मेरठ-सहारनपुर स्नातक सीट से विक्रांत वशिष्ठ, आगरा स्नातक सीट से रघुराज सिंह पाल, लखनऊ स्नातक सीट से डॉ. देवमणि तिवारी, वाराणसी शिक्षक सीट से संजय प्रियदर्शी और वाराणसी स्नातक सीट से अरविंद सिंह पटेल को कोऑर्डिनेटर घोषित किया गया है।आज की प्रेसवार्ता में अजय राय के साथ उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के वाइस चेयरमैन मनीष हिंदवी, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता पुनीत पाठक, सचिन रावत, प्रदेश कांग्रेस ज्वाइनिंग प्रभारी नितिन शर्मा, कांग्रेस विधि विभाग के कोऑर्डिनेटर आसिफ रिज़वी रिंकू एडवोकेट, चिकित्सा प्रकोष्ठ के कोऑर्डिनेटर डॉ. आज़ाद बेग, सिद्धिश्री, अनामिका यादव और जैनब हैदर सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.