diwali horizontal

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और वेक्टर एक्स में रणनीतिक साझेदारी, राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताओं में विश्वस्तरीय खेल उपकरण होंगे उपलब्ध

0 42

स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और वेक्टर एक्स में रणनीतिक साझेदारी, राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताओं में विश्वस्तरीय खेल उपकरण होंगे उपलब्ध

लखनऊ: देशभर में स्कूली खेलों की गुणवत्ता और मानकीकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) ने आज एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए वेक्टर एक्स (सॉकर इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड) के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। यह समझौता शुक्रवार को लखनऊ स्थित फॉर्च्यून पार्क बीबीडी होटल में एसजीएफआई के अध्यक्ष दीपक कुमार और सॉकर इंटरनेशनल प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक विकास गुप्ता के मध्य संपन्न हुआ।समझौते के तहत वेक्टर एक्स अब एसजीएफआई द्वारा आयोजित सभी राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताओं में कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के अंतर्गत फुटबॉल, वॉलीबॉल, हैंडबॉल और बास्केटबॉल के लिए उच्च गुणवत्ता वाले उपकरण और बॉल निःशुल्क उपलब्ध कराएगा। वहीं, डनलप टेनिस और स्क्वैश प्रतियोगिताओं के लिए बॉल पार्टनर के रूप में कार्य करेगा। यह करार प्रारंभिक रूप से दो वर्षों के लिए किया गया है, जिसे भविष्य में आपसी सहमति से बढ़ाया जा सकेगा।इस अवसर पर एसजीएफआई अध्यक्ष एवं कृषि उत्पादन आयुक्त दीपक कुमार ने कहा कि देशभर से हर वर्ष लगभग 60,000 से अधिक शीर्ष स्कूली खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्गों में 44 खेलों की 256 से अधिक राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेते हैं। हमारा उद्देश्य वेक्टर एक्स के सहयोग से स्कूली खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय अनुभव और उपकरण उपलब्ध कराना है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का गौरव बढ़ा सकें। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में सात राष्ट्रीय स्कूली प्रतियोगिताएं विभिन्न शहरों में आयोजित की जा रही हैं, जिनकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।दीपक कुमार ने कहा कि जनवरी 2023 से एसजीएफआई ने अपने कार्य तंत्र में उल्लेखनीय बदलाव किया है। कभी प्रशासनिक व वित्तीय अव्यवस्था से जूझने वाला यह महासंघ अब भारत सरकार के युवा मामले एवं खेल मंत्रालय द्वारा पारदर्शी, डिजिटल और एथलीट-केंद्रित संस्था के रूप में मान्यता प्राप्त कर चुका है। एसजीएफआई देश का पहला फेडरेशन है जिसने मात्र सात माह में वर्ष 2011 से अब तक के पाँच लाख से अधिक प्रमाणपत्र डीजी लॉकर पर अपलोड किए हैं। अब भविष्य की प्रतियोगिताओं के प्रमाणपत्र सात दिनों के भीतर खिलाड़ियों को ऑनलाइन उपलब्ध होंगे।संस्थान ने प्रतियोगिताओं के संचालन में पूर्ण स्वचालन प्रणाली लागू की है, जिससे परिणाम और प्रमाणपत्र रिकॉर्ड समय में तैयार होते हैं और मैनुअल हस्तक्षेप समाप्त हो गया है। इसके अलावा आधार-लिंक पंजीकरण और बायोमेट्रिक सत्यापन प्रणाली लागू कर पारदर्शिता और विश्वसनीयता को सुनिश्चित किया गया है। पहली बार एसजीएफआई ने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजकों को 1.5 करोड़ रुपये की प्रत्यक्ष वित्तीय सहायता प्रदान की है। साथ ही वर्ष 2017 के बाद पहली बार खेलों के नियमों को अद्यतन कर अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है।सॉकर इंटरनेशनल प्रा. लि. के प्रबंध निदेशक विकास गुप्ता ने कहा कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के साथ यह साझेदारी देश के स्कूली खेलों के लिए नई ऊर्जा लेकर आएगी। यह सहयोग जमीनी स्तर पर खेल संस्कृति को सशक्त करने और देश के युवाओं को भविष्य के चैंपियन बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।इस अवसर पर एसजीएफआई के उपाध्यक्ष मुक्तेश सिंह बंदेशा, माध्यमिक शिक्षा निदेशक डॉ. महेन्द्र देव, संयुक्त निदेशक विष्णुकांत पांडेय सहित दोनों संस्थानों के गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.