
लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोमतीनगर में मुठभेड़ के बाद शातिर चेन स्नैचर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, एक बदमाश घायल
लखनऊ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोमतीनगर में मुठभेड़ के बाद शातिर चेन स्नैचर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार, एक बदमाश घायल
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पूर्वी जोन अंतर्गत थाना गोमतीनगर की पुलिस व सर्विलांस/क्राइम टीम ने शुक्रवार देर रात मुठभेड़ के बाद शातिर चेन स्नैचर गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान एक अभियुक्त के पैर में गोली लगी जबकि दूसरा भागने के प्रयास में दबोचा गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध असलहा, कारतूस, चोरी के सोने के टुकड़े, नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवम गुप्ता (28 वर्ष), निवासी जानकी विहार कॉलोनी, जानकीपुरम नार्थ, मूल निवासी लखीमपुर खीरी, और मो. अनस (24 वर्ष), निवासी ग्राम गवाहिया, थाना कमलापुर, सीतापुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ लूट, छिनैती और चोरी के कई मामले लखनऊ के विभिन्न थानों में दर्ज हैं।घटना का खुलासा तब हुआ जब 30 अक्तूबर और 2 नवम्बर 2025 को गोमतीनगर क्षेत्र के विशालखण्ड और हेल्थ सिटी अस्पताल के पास दो अलग-अलग चेन स्नेचिंग की घटनाएं हुईं। दोनों मामलों में अज्ञात बाइक सवारों ने राहगीरों की गर्दन से सोने की चेन झपट ली थी। पुलिस ने घटनाओं के खुलासे के लिए सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद ली।7 नवम्बर की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम दयाल चौराहे के पास चेकिंग कर रही थी, तभी एक पल्सर बाइक पर दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवारों में से एक ने पुलिस पर फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक युवक के पैर में गोली लगी जबकि उसका साथी मौके से भाग निकला। बाद में उसे जनेश्वर पार्क की ओर से पकड़ा गया।घायल शिवम गुप्ता को उपचार के लिए सीएचसी चिनहट भेजा गया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, नकद 11 हजार रुपये, चार पीली धातु की चैन के टुकड़े, एक मोटोरोला मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त पल्सर बाइक (UP32PM9908) बरामद की।पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों अभियुक्तों ने हाल ही में गोमतीनगर, कृष्णानगर और विभूतिखंड क्षेत्र में लूट की वारदातें की थीं। इनके खिलाफ दर्ज मामलों में मु.अ.सं. 514/2025, 515/2025 (थाना गोमतीनगर), 483/2025 (थाना कृष्णानगर) और 388/2025 (थाना विभूतिखंड) शामिल हैं।शिवम गुप्ता पर इससे पहले अलीगंज, बंथरा, चौक, गुडम्बा, पीजीआई, हसनगंज और विकासनगर थानों में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मो. अनस के खिलाफ भी विकासनगर थाने में वर्ष 2020 और 2023 में लूट व चोरी के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस दोनों के आपराधिक नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश चंद्र तिवारी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक त्रिविक्रम सिंह, जसीम रजा, सागर कुमार, सचिन केसरवानी, राखी सिंह, हिमांशु सिंह, कमल नयन राजपूत सहित कांस्टेबल शुभम कुमार, अंकुर चौधरी, आकाश यादव, सुनील कुमार और सर्विलांस टीम पूर्वी जोन की भूमिका रही।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों अभियुक्त पेशेवर अपराधी हैं, जो शहर में राहगीरों को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देते थे। इनसे बरामदगी के आधार पर कई पुराने मामलों के खुलासे की संभावना है।
