
बिहार में अखिलेश यादव की चार विशाल सभाएं, कहा—इंडिया गठबंधन की जीत तय, भाजपा की विदाई अब निश्चित
पटना: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को बिहार में इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में चार विशाल चुनावी जनसभाएं कीं। उन्होंने पूर्णिया के धमदहा विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी संतोष कुशवाहा, मधुबनी के मधेपुर में झांझर विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी राम नारायण यादव और फूलपरास विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी सुबोध मंडल, रामनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी विष्णु कुमार तथा बिसफी विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी मोहम्मद आसिफ अहमद के समर्थन में जनसभाओं को संबोधित किया।अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बन रही है और भाजपा की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा की चुनावी हवा निकल चुकी है, अब वह घबराहट में झूठे मुद्दे उठा रही है। “हम नौजवानों को नौकरी, छात्रों को लैपटॉप, और बिहार में एक्सप्रेस-वे व सड़कें बनाने की बात कर रहे हैं, जबकि भाजपा डर फैलाने में जुटी है,” उन्होंने कहा।उन्होंने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली से जो आते हैं वे प्रधानमंत्री नहीं, उद्योगपति हैं। उन्हें गरीबों की चिंता नहीं, सिर्फ अपने उद्योगपति मित्रों की चिंता है। उन्होंने गैस सिलेंडर, डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ाकर जनता की कमर तोड़ दी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने दस साल में जनता का पैसा उद्योगपतियों को बैंकों से दिलवाकर उन्हें और अमीर बना दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं और वे हर घर नौकरी देंगे, माताओं-बहनों को 2500 रुपये प्रतिमाह भत्ता मिलेगा, गैस सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा और हर घर को 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। उन्होंने कहा, “हमने उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के दौरान 20 लाख लैपटॉप बांटे थे। बिहार में भी तेजस्वी यादव मेधावी छात्रों को लैपटॉप देकर उनकी पढ़ाई में मदद करेंगे।”उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “प्रधानमंत्री अगर उद्योगपतियों को बैंकों से पैसा दिलाकर उन्हें आगे बढ़ा सकते हैं, तो तेजस्वी भी सरकारी संसाधनों से गरीबों को नौकरी दे सकते हैं।” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की वजह से बिहार का नौजवान पलायन करने पर मजबूर है, जबकि तेजस्वी यादव के मुख्यमंत्री बनने के बाद युवाओं को बिहार में ही रोजगार मिलेगा और पलायन रुकेगा।सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता भाजपा से 30 साल का हिसाब मांग रही है—दिल्ली की सरकार के 10 साल और बिहार सरकार के 20 साल। उन्होंने कहा कि इस बार जनता भाजपा का पलायन करा देगी। “इंडिया गठबंधन की जीत सौहार्द, भाईचारा और न्याय की जीत होगी।”किसानों की स्थिति पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने किसानों से धोखा किया है। “धान की कीमत नहीं मिल रही, खाद महंगी है, कीटनाशक के दाम बढ़े हैं। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी नहीं की बल्कि खाद की बोरी में चोरी करवा दी,” उन्होंने कहा।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर चीज महंगी कर दी है। “जीएसटी बढ़ाकर मोटरसाइकिल तक महंगी कर दी। डॉलर के मुकाबले रुपया लगातार गिर रहा है। भाजपा ने बिहार से बार-बार उद्योग लगाने का वादा किया लेकिन कभी नहीं निभाया क्योंकि वे नहीं चाहते कि बिहार का नौजवान यहीं रोजगार पाए।”उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार में झूठा प्रचार कर रही है। “भाजपा झूठ बोलने वाली पार्टी है। बिहार में उनकी ए टीम, बी टीम, सी टीम और पी टीम काम कर रही है। जनता को इनसे सावधान रहना होगा,” उन्होंने कहा।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश में अयोध्या और अवध में भाजपा को हराया, “भगवान राम ने समाजवादियों को आशीर्वाद दिया।” उन्होंने कहा कि 11 नवंबर को बिहार में दूसरे चरण का मतदान भाजपा के लिए नौ-दो-ग्यारह साबित होगा।अपने भाषण के अंत में उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव नई सोच और नयी पीढ़ी के नेता हैं, जो सबको साथ लेकर नया बिहार बनाएंगे। “भाजपा के जो मुख्यमंत्री हैं, वे सिर्फ चुनावी दूल्हा हैं। भाजपा इस्तेमाल करती है और फिर बर्बाद कर देती है,” अखिलेश ने कहा।
