
भाजपा की साजिशों का पर्दाफाश करेगा ‘पीडीए प्रहरी’, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की मुहिम तेज़ — अखिलेश यादव
भाजपा की साजिशों का पर्दाफाश करेगा ‘पीडीए प्रहरी’, वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की मुहिम तेज़ — अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी ने पीडीए प्रहरी तैयार किया है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना और किसी का भी वोट कटने से रोकना है। अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए प्रहरी जनता और पार्टी के बीच सेतु का कार्य करेगा तथा यह सुनिश्चित करेगा कि समाजवादी पार्टी का एक भी वोट न छूटे।बुधवार को समाजवादी पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जानबूझकर षड्यंत्र कर रही है ताकि आम जनता और विपक्षी दल भ्रमित रहें और वोट बनवाने की प्रक्रिया में उलझे रहें। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चाहती है कि जनता और विपक्ष एसआईआर, बीएलओ और वोटर लिस्ट में ही फंसे रहें ताकि सरकार की असफलताओं पर कोई सवाल न उठ सके।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि “पूरी सरकार के अधिकारी भाजपा का वोट बनवाने में लगे हैं, जबकि भाजपाई खुद फ्री घूम रहे हैं। अधिकारी जनता को परेशान कर रहे हैं ताकि विपक्षी दलों के समर्थकों का वोट न बने।” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी भाजपा की इन साजिशों का पर्दाफाश करेगी और चुनाव आयोग से शिकायत करेगी ताकि निष्पक्ष कार्रवाई हो सके। उन्होंने मांग की कि ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए जो विपक्षी दलों की वोटर लिस्ट में रुचि नहीं ले रहे और भाजपा को लाभ पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा एक बेईमान और नकारात्मक राजनीति करने वाली पार्टी है, जिसने 2022 के विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को वोट डालने से रोका और निर्वाचन प्रक्रिया में बेईमानी की। उन्होंने कहा कि “निर्वाचन आयोग में बैठी बेईमानी लोकतंत्र के लिए खतरनाक है।” अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी का संकल्प भाजपा को सत्ता से हटाना और सकारात्मक राजनीति को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और हर वर्ग के उत्थान के लिए काम करती है। लोकसभा चुनाव में जनता ने समाजवादी पार्टी पर भरोसा जताया और 2027 के विधानसभा चुनाव में भी जनता पार्टी को पूर्ण बहुमत से जिताएगी।अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे एसआईआर को गंभीरता से लें और एक-एक व्यक्ति का वोट बनवाएं ताकि कोई भी मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार की प्रतीक पार्टी है, जो हर स्तर पर बेईमानी करती है। “भाजपा से सावधान रहना है और हर स्तर पर उसके झूठ और षड्यंत्र का मुकाबला करना है।”
अखिलेश यादव ने कहा कि जनता भाजपा के जंगलराज से मुक्ति चाहती है और 2027 में सत्ता परिवर्तन निश्चित है। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर प्रदेश में सामाजिक न्याय, कानून और संविधान का राज स्थापित होगा तथा उत्तर प्रदेश विकास के मार्ग पर आगे बढ़ेगा। युवाओं को नौकरी और रोजगार के अवसर मिलेंगे।बैठक में राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद नरेश उत्तम पटेल, सांसद नीरज मौर्य, सांसद देवेश शाक्य, पूर्व नेता विरोधी दल राम गोविन्द चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम पाल पाल सहित बड़ी संख्या में प्रमुख नेता और
पदाधिकारी उपस्थित रहे।