diwali horizontal

सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वांछित गैंगस्टर अभय यादव उर्फ लल्ला यादव गिरफ्तार, कई संगीन अपराधों में था शामिल

0 260

सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: वांछित गैंगस्टर अभय यादव उर्फ लल्ला यादव गिरफ्तार, कई संगीन अपराधों में था शामिल

लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन के अंतर्गत थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने संगठित आपराधिक गिरोह के सरगना और वांछित गैंगस्टर अभय यादव उर्फ लल्ला यादव को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ गिरोहबंद अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।थाना सुशांत गोल्फ सिटी में दर्ज मुकदमा संख्या 949/2025 धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गिरोहबंद समाज विरोधी क्रियाकलाप (निवारण) अधिनियम 1986 के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, अभय यादव अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गैंग के रूप में काम करता था और क्षेत्र में लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर आर्थिक और भौतिक लाभ प्राप्त कर रहा था। इस गिरोह में नए-नए सदस्यों को शामिल कर उनकी मदद से अपराधों का दायरा बढ़ाया जा रहा था।विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गैंग का सरगना अभय यादव पनेशिया हॉस्पिटल, गोमतीनगर विस्तार से इलाज कराकर भागने की फिराक में है और इस समय शहीद पथ सर्विस लेन स्थित अहिमामऊ मुर्गा मंडी के पास सवारी वाहन में बैठा है। सूचना पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम अभय यादव उर्फ लल्ला यादव पुत्र रामनरेश यादव निवासी चढ़ाई का पुरवा, अहिमामऊ थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ (उम्र करीब 23 वर्ष) बताया।पुलिस पूछताछ में अभय यादव ने स्वीकार किया कि उसने गैंग लीडर के रूप में कई अपराधों को अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया है। वह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए लगातार अपराधों में लिप्त रहा है। पुलिस ने उसे गिरोहबंद अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, हत्या का प्रयास, मारपीट, धमकी, डकैती, लूट, पुलिस बल पर हमला और एससी/एसटी एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें प्रमुख मुकदमे हैं— मुकदमा संख्या 164/2022 धारा 147, 148, 149, 302, 307, 323, 504, 506 भादवि थाना गोसाईगंज, मुकदमा संख्या 431/2021 धारा 332, 353, 504, 506 भादवि थाना सुशांत गोल्फ सिटी, मुकदमा संख्या 352/2020 धारा 352, 504, 506 भादवि थाना गोसाईगंज, मुकदमा संख्या 70/2020 धारा 147, 323, 336, 352, 427 भादवि थाना सुशांत गोल्फ सिटी, मुकदमा संख्या 134/2022 धारा 307, 323, 325, 34, 394, 411, 504, 506 भादवि व एससी/एसटी एक्ट, मुकदमा संख्या 576/2024 धारा 191(2), 191(3), 324(4), 351(2) बीएनएस थाना सुशांत गोल्फ सिटी तथा मुकदमा संख्या 396/2025 धारा 351(3), 352 बीएनएस थाना सुशांत गोल्फ सिटी।अभियुक्त वर्तमान में परचून की दुकान में कार्य करने के बहाने अपनी आपराधिक गतिविधियों को छिपाता था, जबकि वह सक्रिय रूप से अपने गिरोह के माध्यम से क्षेत्र में अपराधों को अंजाम देता था। पुलिस टीम की सतर्कता और सक्रिय कार्रवाई से अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया और क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में यह बड़ी उपलब्धि साबित हुई है।पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिणी जोन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत यह कार्रवाई की गई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और जनता में सुरक्षा की भावना सुदृढ़ हो सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.