
हनी सिंह की ‘पार्टी ऑल नाइट’ थोड़ी देर में होगी शुरू!
Party All Night: रैपर किंग हनी सिंह आज लखनऊ में हैं। थोड़ी देर में वह परफॉर्म करेंगे। करीब 3 घंटे तक वह ‘कर लो पार्टी सारी रात, कल इतवार है…’ जैसे गानों से लोगों को झूमने पर मजबूर कर देंगे। हनी सिंह का लाइव कॉन्सर्ट देखने के लिए वेन्यू स्मृति उपवन में करीब 20 हजार से लोग पहुंच चुके हैं।
आशियाना के स्मृति उपवन में होने वाले इस शो में भीड़ कंट्रोल करने के लिए 250 बाउंसर दिल्ली से बुलाए गए हैं। 200 से अधिक वालंटियर्स भी लगे हैं। कॉन्सर्ट में 100 सीसीटीवी और 150 AI-इनेबल्ड कैमरों से निगरानी की जाएगी। दर्शक मोबाइल फोन के अलावा कुछ भी अंदर नहीं ले जा सकेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों के वाहनों के लिए अलग और व्यवस्थित पार्किंग जोन तैयार किया गया है। जिससे आयोजन के दौरान भीड़भाड़ से बचा जा सके। सिर्फ पास वालों को ही इसमें एंट्री मिलेगी। लेकिन, पास के लिए कोई फीस नहीं ली जाएगी। ये पास सरोजनीनगर से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के ऑफिस या उनकी टीम से फोन कर मंगाए जा सकते हैं।
हनी सिंह शुक्रवार को ही लखनऊ आ गए थे। एयरपोर्ट पर भीड़ के बीच से वह हाथ जोड़कर बाहर निकले थे। इसके बाद 50 से ज्यादा गाड़ियों का काफिला उन्हें लेकर होटल हयात पहुंचा था। अभी उनकी टीम यहीं रुकी है। एक साल में हनी सिंह दूसरी बार लखनऊ आए हैं। इससे पहले वह 28 फरवरी को सुशांत गोल्फ सिटी में ‘मिलेनियर इंडिया टूर’ के लिए आए थे।