diwali horizontal

भीषण ठंड और कोहरे के चलते बरेली में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 29-30 दिसंबर को बंद

0 430

भीषण ठंड और कोहरे के चलते बरेली में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 29-30 दिसंबर को बंद

बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में हाड़ कंपाने वाली ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) डॉ. विनीता ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में 29 और 30 दिसंबर का अवकाश घोषित किया है।

इस आदेश के तहत जिले के सभी परिषदीय, माध्यमिक, राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा। हालांकि शिक्षकों को यू-डायस, अपार आईडी और अन्य विभागीय कार्यों के लिए सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा।

शीत दिवस जैसे हालात, रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी

शनिवार को बरेली में शीत दिवस जैसे हालात बने रहे। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई। ठंडी हवाओं के कारण गलन में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने रविवार के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जबकि इसके बाद के तीन दिनों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ घोषित किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी इलाकों से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट आ सकती है।

तापमान में गिरावट, सतर्क रहने की अपील

शुक्रवार को बरेली का अधिकतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि शनिवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 9.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानियां बरतें और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.