
इको गार्डन में पंचायत सहायकों का धरना जारी, चंद्रशेखर आजाद ने दिया समर्थन; आकाश आनंद को ASP में आने का न्योता।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए पंचायत सहायक एक सप्ताह से मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। वे मानदेय बढ़ाने समेत सेवा से जुड़ी अन्य मांगें पूरी करने की मांग कर रहे हैं।
पंचायत सहायकों का कहना है कि वे ग्राम पंचायत स्तर पर ऑनलाइन और प्रशासनिक काम संभालते हैं। इसके बदले उन्हें 6 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिलता है। वे इसे बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि कम मानदेय के बावजूद उनसे अधिक काम लिया जा रहा है और उनका शोषण हो रहा है।

चंद्रशेखर आजाद ने आकाश आनंद को आजाद समाज पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया। उन्होंने कहा कि भले ही बीएसपी में उनके लिए दरवाजे बंद हो गए हों, लेकिन आकाश आनंद के लिए आजाद समाज पार्टी के दरवाजे हमेशा खुले हैं।
चंद्रशेखर ने कहा- आकाश भाई हमारे साथ आएं। हम मिलकर बाबा साहब के मिशन को पूरा करेंगे। आकाश आनंद भले ही मेरी आलोचना करते रहे हों, लेकिन मैंने हमेशा उन्हें अपना छोटा भाई माना है।